रायगढ़, 8 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना तमनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पड़िगांव में अवैध महुआ शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने 24 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव को 7 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पड़िगांव निवासी भरत यादव (36 वर्ष) अपने घर में अवैध महुआ शराब संग्रहित कर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां शराब पी रहे कुछ लोग भाग निकले, जबकि मौके पर मौजूद भरत यादव को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अवैध महुआ शराब रखने और बेचने की बात स्वीकार कर ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के मकान और बाड़ी से 2-2 लीटर क्षमता की 12 प्लास्टिक बोतलों में भरी कुल 24 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार एवं पुष्पेन्द्र सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

- छत्तीसगढ़ के इस जिले में रथ यात्रा के समय पुराने होटल का भवन गिरा, नौ लोग घायल…. - July 17, 2026
- छत्तीसगढ़: कुत्ते के काटने के बाद पीड़ित ने 12 छात्रों को काटा, बच्चा स्वस्थ; डॉक्टर जता रहे शरारत की आशंका…. - July 17, 2026
- रायगढ़:शराब पार्टी बनी मौत की वजह, दोस्त ने शील पत्थर से उतारा मौत के घाट… - July 17, 2026




