सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 जुलाई 2026। कलेक्टर पदमिनी भोई ने बुधवार को सरिया पहुंचकर निर्माणाधीन लाखों रुपये की लागत वाले हायर सेकेंडरी स्कूल भवन और कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन की गुणवत्ता में कई खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदारों और इंजीनियरों को जमकर फटकार लगाई तथा स्पष्ट चेतावनी दी कि शासकीय निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया गुणवत्ता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ठेकेदारों एवं स्कूल प्रबंधन की मौजूदगी में स्कूल भवन की प्रत्येक कक्षा का बारीकी से निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में कमियां देखकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “स्कूल और हॉस्टल जैसे महत्वपूर्ण भवनों के निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। यदि यही निर्माण आपके घर में होता तो क्या आप इसे स्वीकार करते?”
इसके बाद कलेक्टर ने निर्माणाधीन कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया, जहां भी कई तकनीकी एवं निर्माण संबंधी खामियां सामने आईं। इस पर उन्होंने ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पंचायत सरिया के सीएमओ को निर्देशित किया कि नगर में चल रहे सभी विकास एवं निर्माण कार्यों की व्यापक समीक्षा की जाए तथा संबंधित ठेकेदारों और इंजीनियरों की बैठक बुलाकर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
गौरतलब है कि नगर पंचायत सरिया में क्षेत्रीय विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी की पहल पर वर्षों पुरानी मांग के अनुरूप हायर सेकेंडरी स्कूल के नवीन भवन सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए जा रहे हैं। ऐसे में कलेक्टर ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता के पैसे से बनने वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई के बाद सरिया में निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों और इंजीनियरों में हड़कंप मच गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी घटिया निर्माण पाया जाए, संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

- सारंगढ़:6 लाख की मदद से नन्हीं बच्ची को मिली सुनने की नई उम्मीद, चिरायु टीम की बड़ी सफलता… - July 8, 2026
- सारंगढ़:सुशासन तिहार का बड़ा असर,423 परिवारों को मिलेगा शौचालय, 50.76 लाख की स्वीकृति जारी… - July 8, 2026
- सारंगढ़:22 बेटियों को मिली उड़ान: सरस्वती साइकिल योजना से शिक्षा की राह हुई आसान… - July 8, 2026


