रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम भी बरामद कर ली है। दोनों को वैधानिक कार्रवाई के बाद किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की। मामले में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
प्रकरण में प्रार्थी रतन मित्रा (67 वर्ष), निवासी बोईरदादर, रायगढ़ की शिकायत पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 332/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305(क) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ में दोनों अपचारी बालकों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ 3 जुलाई 2026 की रात आशीर्वाद मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश करने और गल्ले से 4 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी के बाद चारों ने रकम बराबर-बराबर बांट ली थी और प्रत्येक के हिस्से में एक-एक हजार रुपये आए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी के बाद तीन साथी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG-13 AP-4953) से जामगांव की ओर घूमने निकले थे। रास्ते में तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीनों घायल हो गए। इनमें से दो आरोपी फिलहाल अस्पताल में उपचाररत हैं, जबकि हिरासत में लिए गए एक अपचारी बालक को सामान्य चोटें आई थीं।
पुलिस ने दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से चोरी की बंटवारे की एक-एक हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने एवं परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों को 5 जुलाई 2026 को किशोर न्याय बोर्ड, रायगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा हो गया, जिससे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और प्रभावी जांच की सराहना की जा रही है।

- थाना प्रभारी की पैनी नजर, चोरी का पर्दाफाश… तीन आरोपी सलाखों के पीछे… - August 25, 2026
- सारंगढ़:सर्पदंश पीड़ित परिवार को राहत, 4 लाख की सहायता मंजूर… - August 25, 2026
- हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मनपसार, 20 किमी की भव्य कांवड़ यात्रा… - August 25, 2026
