बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। थाना प्रभारी के कुशल नेतृत्व, सतत निगरानी और पुलिस टीम की सक्रियता से चोरी के मामले में आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस ने चोरी की गई संपत्ति का एक हिस्सा और चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल भी बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी श्रवण कुमार रात्रे, पिता सुरीतराम रात्रे, निवासी पंडरीपानी ने 19 अगस्त 2026 को थाना बिलाईगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह और उसके भाई रोजी-रोटी के लिए अलग-अलग राज्यों में रहते हैं तथा पंडरीपानी स्थित मकान में ताला लगाकर उसकी चाबी अपने चचेरे भाई चरणलाल को सौंप रखी थी।
18 अगस्त की शाम करीब 5:40 बजे चरणलाल ने फोन कर सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है, सामान बिखरा पड़ा है और आलमारी का लॉकर भी तोड़ दिया गया है। सूचना मिलने पर प्रार्थी घर पहुंचा तो देखा कि अज्ञात चोर घर में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर ले गए हैं।
शिकायत के आधार पर थाना बिलाईगढ़ में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मामले का शीघ्र खुलासा करने और चोरी गई संपत्ति बरामद करने के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार पतासाजी में जुटी रही।
इसी दौरान पुलिस के मुखबिर तंत्र से सूचना मिली कि संदेही सुमित लहरे और देवा रात्रे ने हाल ही में नया मोबाइल खरीदा है और दोनों काफी पैसे खर्च कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 13 अगस्त 2026 को एकराय होकर प्रार्थी के घर की दीवार फांदकर प्रवेश किया और ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर आपस में बांट लिए। आरोपी सुमित लहरे ने चोरी के हिस्से की संपत्ति बेचकर रियलमी कंपनी का मोबाइल खरीदने तथा कुछ राशि खर्च कर देने की जानकारी दी। उसके कब्जे से मोबाइल, मोबाइल का बिल और 4 हजार रुपये नकद गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त किए गए।
वहीं आरोपी देवा रात्रे ने चोरी की संपत्ति में से कुछ सामान अपने पास रखने तथा सोने का माला और चांदी के पायल अपने मामा मनीष कुमार महिलांगे, निवासी कोरबा को देने की बात बताई। देवा रात्रे के कब्जे से चांदी का माला जप्त किया गया, जबकि उसकी निशानदेही पर मनीष कुमार महिलांगे से चोरी की संपत्ति के सोने के माला की 9 पत्तियां और चांदी के पायल बरामद कर विधिवत जप्त किए गए।
पुलिस जांच में दो से अधिक आरोपियों द्वारा एकराय होकर चोरी की घटना को अंजाम देना पाए जाने पर मामले में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। वहीं चोरी की संपत्ति को बेईमानीपूर्वक अपने कब्जे में रखने के आरोप में आरोपी मनीष कुमार महिलांगे के विरुद्ध धारा 317 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी की तत्परता, मुखबिर तंत्र के प्रभावी उपयोग और पुलिस टीम की लगातार मेहनत के कारण चोरी की इस वारदात का खुलासा हो सका। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बिलाईगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि थाना प्रभारी के नेतृत्व में अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

- थाना प्रभारी की पैनी नजर, चोरी का पर्दाफाश… तीन आरोपी सलाखों के पीछे… - August 25, 2026
- सारंगढ़:सर्पदंश पीड़ित परिवार को राहत, 4 लाख की सहायता मंजूर… - August 25, 2026
- हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मनपसार, 20 किमी की भव्य कांवड़ यात्रा… - August 25, 2026
