रायगढ़, 4 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत थाना कापू पुलिस ने पत्नी और ससुर पर जानलेवा हमला कर करीब चार माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को ग्राम चैनपुर निवासी श्रीमती जेरोमिना किस्पोट्टा (30 वर्ष) ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पति अमिताप लकड़ा के साथ मायके ग्राम ठाकुरनगर आई हुई थी। रात के भोजन के दौरान सब्जी को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आरोपी ने पहले पत्नी से गाली-गलौज की, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे के सब्बल से हमला कर दिया।
पत्नी को बचाने पहुंचे उसके पिता रघुराम किस्पोट्टा पर भी आरोपी ने धारदार टंगिया से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चिकित्सीय परीक्षण में उनकी चोटों को गंभीर (ग्रिवियस) पाया गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के दौरान थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार आरोपी की तलाश की। मुखबिर की सूचना पर ग्राम चैनपुर, थाना सीतापुर (जिला सरगुजा) में घेराबंदी कर आरोपी अमिताप लकड़ा (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल एवं धारदार टंगिया बरामद कर जब्त कर ली गई।
पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी इगेश्वर यादव सहित थाना कापू के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद या किसी भी परिस्थिति में हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है। क्षणिक आवेश में किया गया अपराध पूरे परिवार को प्रभावित करता है और आरोपी को कानून के कठोर दायरे में ले आता है। रायगढ़ पुलिस गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।

- सारंगढ़:कोसीर पुलिस का बड़ा एक्शन, 45 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार… - July 4, 2026
- रायगढ़:सब्जी के विवाद में पत्नी और ससुर पर जानलेवा हमला, 4 महीने से फरार आरोपी ऑपरेशन क्लीन हंट में गिरफ्तार… - July 4, 2026
- 12 जुलाई को पुसौर के वैष्णव समाज का होगा ऐतिहासिक गठन…बरसों की उपेक्षा होगी खत्म…बनेगा छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा मंडल पुसौर.. - July 4, 2026


