सारंगढ़। वन्य प्राणियों के संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 2 से 8 अक्टूबर तक वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला वनमंडल सारंगढ़ द्वारा 8 अक्टूबर को मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। मैराथन की शुरुआत सुबह 7 बजे तेंदुदरहा बैरियर से होगी, जो सहसपानी तक जाएगी।
मैराथन का मुख्य थीम “वन्य जीवों का संरक्षण, हम सबकी जिम्मेदारी” रखा गया है। दौड़ के माध्यम से प्रतिभागी “दौड़ें स्वस्थ रहें, वन्य जीवन बचाएं” का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। वन विभाग का उद्देश्य केवल वन्य प्राणियों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को यह समझाना भी है कि जंगल और वन्यजीव पर्यावरणीय संतुलन के साथ-साथ मानव जीवन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वन एवं वन्य जीवों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके संरक्षण के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
वन विभाग द्वारा संरक्षण सप्ताह के दौरान लोगों को जंगल, वन्य प्राणियों और जैव विविधता के महत्व की जानकारी दी जा रही है। विभाग का कहना है कि जंगल केवल वन्य जीवों का आश्रय नहीं, बल्कि जल, वायु, मिट्टी और मानव जीवन के आधार भी हैं। ऐसे में वनों की कटाई, वन्यजीवों के शिकार और उनके प्राकृतिक आवास में होने वाले नुकसान को रोकना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह 8 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे वन परिक्षेत्र कार्यालय, वनमंडल सारंगढ़ में आयोजित होगा।
वन विभाग ने जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में शामिल होने की अपील की है। विभाग का मानना है कि लोगों की व्यापक भागीदारी से वन्य प्राणी संरक्षण का संदेश और प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचेगा।
