सारंगढ़। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं जवानों के लिए दानसरा स्थित प्रधान हॉस्पिटल में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी स्नेहिल साहू के कुशल मार्गदर्शन और निर्देशन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य पुलिस जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की नियमित जांच कर उन्हें स्वस्थ, फिट और तनावमुक्त बनाए रखना था।
कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मी अक्सर अपनी सेहत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में अधिकारियों और जवानों ने भाग लेकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, स्पायरोमीटर टेस्ट, ब्लड टेस्ट सहित विभिन्न आवश्यक जांचें कीं तथा सभी को चिकित्सकीय परामर्श भी दिया।
चिकित्सकों ने पुलिस जवानों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए भी उपयोगी सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी स्नेहिल साहू ने प्रधान हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “जिस प्रकार पुलिस समाज में सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए दिन-रात कार्य करती है, उसी प्रकार चिकित्सक भी लोगों के जीवन की रक्षा और उन्हें स्वस्थ रखने के लिए निरंतर सेवा में समर्पित रहते हैं। दोनों ही समाज के सच्चे प्रहरी हैं।”
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा, प्रधान हॉस्पिटल के प्रमुख चिकित्सक एवं समस्त चिकित्सा स्टाफ सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर की पुलिसकर्मियों ने सराहना करते हुए इसे समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता भी जताई।



- सारंगढ़:देहदान-अंगदान का महाअभियान,सरसीवां से गूंजा मानवता का संदेश… - July 1, 2026
- सारंगढ़:डॉक्टर्स डे पर पुलिस जवानों का हेल्थ चेकअप, स्वस्थ पुलिस–सुरक्षित समाज का दिया संदेश… - July 1, 2026
- सारंगढ़:डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य योद्धाओं का सम्मान, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चिकित्सक हुए गौरवान्वित… - July 1, 2026


