सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 जुलाई 2026। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला इकाई द्वारा सरसीवां में आयोजित प्रथम जिला स्तरीय मानव अंग एवं देहदान प्रोत्साहन जागरूकता अभियान मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया। राज्यपाल रमेन डेका के निर्देश पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में समाज को जीवनदान और मानवता का संदेश देने वाली दो ऐतिहासिक घोषणाओं ने पूरे सभागार को भावुक कर दिया।
सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब बिलाईगढ़ के धोबनी गांव की डॉ. निर्मला साहू ने समाज के हित में अपने पूर्ण देहदान की घोषणा की। वहीं कार्यक्रम के संरक्षक सदस्य नत्थूलाल अग्रवाल ने मृत्यु उपरांत अपनी दोनों आंखें दान करने का संकल्प लेकर मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश की। दोनों घोषणाओं का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
अपने संबोधन में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि जिले में आयोजित यह पहला जागरूकता अभियान अंगदान और देहदान के प्रति समाज में नई सोच विकसित करेगा तथा लोगों को मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करेगा। वहीं सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यक्ष रमेश जालान ने डॉ. निर्मला साहू के निर्णय की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका यह संकल्प समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और वे उनके इस महान निर्णय को नमन करते हैं।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन भागवत प्रसाद साहू ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी साहू, सांसद प्रतिनिधि अरुण गुड्डू यादव, ज्योति लाल पटेल, सुभाष जालान, नत्थूलाल केडिया, गोपाल अग्रवाल, दीपक थवाईत, जिला शिक्षा अधिकारी जोइधराम डहरिया, बीईओ सत्यनारायण साहू सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, शिक्षक एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में भारतीय रेडक्रॉस के राज्य अधिकारी लिंगराज पटेल के विशेष मार्गदर्शन और नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह आयोजन न केवल अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि समाज में मानवता, सेवा और परोपकार की भावना को भी नई ऊर्जा देने वाला साबित हुआ।

- सारंगढ़:देहदान-अंगदान का महाअभियान,सरसीवां से गूंजा मानवता का संदेश… - July 1, 2026
- सारंगढ़:डॉक्टर्स डे पर पुलिस जवानों का हेल्थ चेकअप, स्वस्थ पुलिस–सुरक्षित समाज का दिया संदेश… - July 1, 2026
- सारंगढ़:डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य योद्धाओं का सम्मान, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चिकित्सक हुए गौरवान्वित… - July 1, 2026


