सारंगढ़। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के सभाकक्ष में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान जिले में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि चिकित्सक समाज के सच्चे सेवा प्रहरी हैं, जो हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर लोगों के जीवन की रक्षा करते हैं। उन्होंने डॉक्टरों की सेवा भावना, समर्पण और मानवता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मिलकर केक काटकर राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे मनाया। साथ ही सभी ने जनसेवा के प्रति पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए चिकित्सकों के अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉक्टर केवल मरीजों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में चिकित्सकों के सम्मान और उनके समर्पण को लेकर आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।



- सारंगढ़:डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य योद्धाओं का सम्मान, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चिकित्सक हुए गौरवान्वित… - July 1, 2026
- भूमिगत खाद माफिया पर आशुतोष श्रीवास्तव का बड़ा प्रहार, डीएपी के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार… - July 1, 2026
- रिम्स रायपुर मे अब इलाज, ऑपरेशन, खाना और आना-जाना सब कुछ बिल्कुल मुफ्त.. - July 1, 2026


