सरसीवां। किसानों के हितों की रक्षा के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के उपसंचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के नेतृत्व में कृषि विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। डीएपी खाद के नाम पर किसानों से कथित ठगी करने वाले गिरोह का कृषि विभाग और तहसील प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भंडाफोड़ कर दिया। सरसीवा से लगे ग्राम गाड़ापाली में घेराबंदी कर पुलकित बायोफर्टीलाइजर प्रा. लि. से जुड़े चार अधिकृत व्यक्तियों को रंगे हाथ पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध सरसीवा थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले दो-तीन वर्षों से सरसीवा क्षेत्र में डेरा जमाकर सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा और सक्ती जिलों के ग्रामीण इलाकों में सक्रिय थे। वे गांव-गांव घूमकर अपने उत्पाद को डीएपी खाद बताकर किसानों को बेचते थे। किसानों को बिल भी दिया जाता था, लेकिन जांच में सामने आया कि बेचा जा रहा उत्पाद वास्तविक डीएपी खाद नहीं था। आरोपी सुनसान स्थानों पर किराये के मकानों में ठहरते थे और लगातार ठिकाने बदलकर अपनी गतिविधियों को अंजाम देते थे।
गौरतलब है कि गत वर्ष भी सरसीवा तहसील के ग्राम भिनोदा में इसी कंपनी का संदिग्ध खाद मिला था, लेकिन उस समय विक्रेताओं तक कार्रवाई नहीं पहुंच सकी थी। इस बार उपसंचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के निर्देशन में कृषि विभाग ने तहसील प्रशासन के साथ सटीक रणनीति बनाकर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता प्राप्त की। किसानों ने भी इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे कृषि विभाग की बड़ी उपलब्धि बताया है।
उपसंचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें, खरीद का पक्का बिल अवश्य लें तथा यदि कोई व्यक्ति गांव में डीएपी के नाम पर संदिग्ध खाद बेचता मिले तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग या निकटतम पुलिस थाने को दें, ताकि ऐसे ठगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान उपसंचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कृष्ण कुमार साहू, उर्वरक निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, तहसीलदार मोहन साहू एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कुलदीप नायक सहित कृषि विभाग और प्रशासन की टीम मौजूद रही।


- सारंगढ़:डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य योद्धाओं का सम्मान, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चिकित्सक हुए गौरवान्वित… - July 1, 2026
- भूमिगत खाद माफिया पर आशुतोष श्रीवास्तव का बड़ा प्रहार, डीएपी के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार… - July 1, 2026
- रिम्स रायपुर मे अब इलाज, ऑपरेशन, खाना और आना-जाना सब कुछ बिल्कुल मुफ्त.. - July 1, 2026


