रायगढ़, 30 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम नटवरपुर के जंगल में संचालित महुआ शराब निर्माण स्थल पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से 65 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जंगल में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार कर बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और मौके से फुल सिंह धनवार (25) एवं दुआरू धनवार (40), दोनों निवासी ग्राम नटवरपुर, को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 65 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 13 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शराब निर्माण एवं बिक्री करना स्वीकार किया तथा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इस सफल कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दिलीप भानु, प्रधान आरक्षक रविकिशोर साय तथा आरक्षक संदीप कौशिक एवं चन्द्र कुमार बंजारे की अहम भूमिका रही।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब और नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”



