सारंगढ़। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने जिला स्तर पर वीबी-जी-राम-जी योजना की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर जिले में योजना की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में जिले के सभी जनपद पंचायतों में संचालित कार्यों, श्रमिकों की संख्या और लंबित कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई।
सीईओ तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में लेबर की संख्या बढ़ाई जाए तथा जॉब कार्डधारी परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोई भी पात्र परिवार रोजगार से वंचित न रहे। इसके लिए रोजगार सहायकों को घर-घर संपर्क कर श्रमिकों को रोजगार के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान लंबित कार्यों की पंचायतवार समीक्षा की गई। जिन पंचायतों में श्रमिकों की संख्या कम पाई गई, वहां सीईओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीईओ तिवारी ने सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में प्रारंभ कराने पर जोर दिया। उन्होंने मस्टरोल में पारदर्शिता बनाए रखने, कार्यस्थल की जियो टैगिंग, श्रमिकों को समय पर मजदूरी भुगतान तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि योजना का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें और पंचायत स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
बैठक में सारंगढ़ विकासखंड के सभी रोजगार सहायक, कार्यक्रम अधिकारी, सहायक कार्यक्रम अधिकारी सहित जनपद पंचायत सीईओ राधेश्याम नायक एवं पीओ युवराज पटेल उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया।


- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
