रायगढ़, 30 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घर की परछी से चोरी हुई नई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी पल्सर बाइक भी जब्त कर ली गई। कुल करीब 2 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई है।
प्रार्थी आशीष कुमार बान्डेकर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान महुआ चौक, तुमीडीह के पास संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना नाम राम सिदार बताते हुए बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि वह अपनी पल्सर बाइक से चोरी करने आया था, लेकिन रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर उसने अपनी बाइक झाड़ियों में छिपा दी और पूंजीपथरा बस्ती से नई बजाज पल्सर चोरी कर अपने घर ले जाकर रख दी। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर चोरी गई बाइक और वारदात में प्रयुक्त दूसरी बाइक दोनों बरामद कर ली।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की सराहनीय भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आमजन से वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।



