भारत और आयरलैंड के बीच चल रही दो मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा और अंतिम मुकाबला रविवार (28 जून) को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेला जाएगा.

श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में भारतीय टीम को पहले मैच में इसी मैदान पर 34 रनों की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी. अब ‘मेन इन ब्लू’ दूसरे टी20 में वापसी करने के लिए बेताब होंगे ताकि आयरलैंड जैसी टीम से सीरीज हारने की शर्मिंदगी से बचा जा सके.
पहले टी20 में संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे. इस “करो या मरो” वाले मुकाबले में ये सभी अपनी गलतियों को सुधारना चाहेंगे. हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सैमसन, ईशान और तिलक अपनी जगह बरकरार रखते हैं या उनमें से किसी एक को 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के लिए जगह छोड़नी होगी. अगर वैभव प्लेइंग-11 में शामिल किए जाते हैं तो वह 15 साल और 94 दिन की आयु में इंटरनेशनल डेब्यू कर लेंगे. वह इस मामले सचिन के एक महान रिकॉर्ड को तोड़ देंगे. तेंदुलकर ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 और 205 दिन की आयु में डेब्यू किया था.
किसकी जगह खेलेंगे वैभव?
बिहार के बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस समय चर्चा का केंद्र बने हुए हैं, लेकिन पहले मैच में उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली थी. उनके दूसरे टी20 में डेब्यू की प्रबल संभावना है. चूंकि वैभव एक टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज हैं और भारत का टॉप-3 पहले से ही दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, वर्ल्ड कप स्टार संजू सैमसन और ईशान किशन से भरा हुआ है, ऐसे में किसे बाहर किया जाएगा यह बड़ा सवाल है.
क्या सुंदर की जगह टीम में फिट होंगे वैभव?
यदि टीम मैनेजमेंट अभिषेक, संजू या ईशान को बाहर नहीं करना चाहता, तो वे स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर की जगह वैभव को मौका दे सकते हैं. सुंदर ने पहले मैच में केवल एक ओवर फेंका था जिसमें 19 रन लुटाए थे और बल्लेबाजी में भी वह 12 गेंदों में केवल 9 रन ही बना सके थे. यदि वैभव सुंदर की जगह आते हैं, तो वह अभिषेक के साथ ओपनिंग कर सकते हैं और मध्यक्रम में सैमसन, ईशान और अय्यर जैसे खिलाड़ी खेलेंगे.
क्या प्रसिद्ध कृष्णा की जगह लेंगे प्रिंस यादव?
बल्लेबाजी में बदलाव के अलावा टीम मैनेजमेंट प्रिंस यादव को भी मौका देने पर विचार कर सकता है. प्रिंस ने इसी महीने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था और वह खराब फॉर्म से जूझ रहे प्रसिद्ध कृष्णा की जगह ले सकते हैं. प्रसिद्ध ने पहले मैच के 4 ओवरों में बिना कोई विकेट लिए 57 रन लुटाए थे. वहीं सूर्यांश शेडगे और रवि बिश्नोई के इस निर्णायक मैच में खेलने की संभावना कम नजर आ रही है.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव.


