सिनेमाघरों में कई नई फिल्मों की दस्तक के बावजूद रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा ‘कॉकटेल 2’ की रफ्तार थमती नजर नहीं आ रही है. शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर इस फिल्म को रिलीज हुए आठ दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन दर्शकों का उत्साह अब भी बना हुआ है.

मजबूत वर्ड ऑफ माउथ और लगातार मिल रहे दर्शकों के समर्थन के दम पर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तीन नए रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. आइए जानते हैं कि ‘कॉकटेल 2’ ने किन उपलब्धियों के साथ अपनी सफलता का नया अध्याय लिखा है.
आठ दिनों में 127 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘कॉकटेल 2’ ने रिलीज के पहले आठ दिनों में दुनियाभर में शानदार प्रदर्शन किया है. फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 127.95 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. वहीं भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 92.99 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है, जबकि विदेशी बाजारों से फिल्म ने 34.96 करोड़ रुपये की कमाई की है. दिलचस्प बात यह है कि दूसरी बड़ी फिल्मों की रिलीज के बावजूद इसकी कमाई पर खास असर देखने को नहीं मिला है.
2012 की ‘कॉकटेल’ का रिकॉर्ड भी टूटा
‘कॉकटेल 2’ ने अपनी सफलता के साथ साल 2012 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ के लाइफटाइम ग्लोबल कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है. पहले पार्ट का कुल वैश्विक कारोबार 123.38 करोड़ रुपये रहा था, जबकि सीक्वल ने महज आठ दिनों में ही इस आंकड़े को पार कर लिया. इसके साथ ही यह फिल्म वर्ष 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में अपनी मजबूत जगह बनाने में सफल रही है.
शाहिद की टॉप 5 हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्में
- पद्मावत- 560 करोड़
- कबीर सिंह- 368.3 करोड़
- तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया- 133.64 करोड़
- कॉकटेल 2- 127.1 करोड़
- ओ रोमियो- 123.1 करोड़
शाहिद कपूर के करियर में दर्ज हुई नई उपलब्धि
फिल्म की सफलता का फायदा शाहिद कपूर के करियर को भी मिला है. रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘कॉकटेल 2’ ने उनकी पिछली रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म ‘ओ रोमियो’ के 123.1 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. इसी के साथ यह शाहिद कपूर के करियर की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है.
2026 की चौथी सबसे बड़ी ग्रॉसर बनी फिल्म
लगातार मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स के चलते ‘कॉकटेल 2’ ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म अब वर्ष 2026 की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है. इसने कमाई के मामले में कई अन्य फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है.
टॉप 10 की लिस्ट
- धुरंधर 2- 1850.85 करोड़
- बॉर्डर 2- 485.3 करोड़
- भूत बंगला- 292.64 करोड़
- कॉकटेल 2- 127.95 करोड़
- ओ रोमियो- 123.1 करोड़
- है जवानी तो इश्क होना है- 84.53 करोड़
- पति पत्नी और वो दो- 77.81 करोड़
- मर्दानी 3- 77.12 करोड़
- द केरल स्टोरी 2- 61.25 करोड़
- मैं वापस आऊंगा- 51.44 करोड़
पहले पार्ट से अलग है सीक्वल की कहानी
‘कॉकटेल 2’ को साल 2012 में रिलीज हुई सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी स्टारर फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल माना जा रहा है. हालांकि, यह फिल्म कहानी और किरदारों के लिहाज से पहले भाग से पूरी तरह अलग है. नई स्टारकास्ट और नए प्लॉट के साथ फिल्म को दर्शकों के सामने पेश किया गया है, जिसे बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.


