सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 जून 2026। जिले से कुपोषण को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शुक्रवार को सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम बड़े खैरा और छुहीपाली के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। दौरे के दौरान उन्होंने जिला पंचायत भवन के निर्माण कार्य की प्रगति का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित बाल चौपाल कार्यक्रम में कलेक्टर ने स्वयं ग्रामीण माताओं से संवाद कर बच्चों और महिलाओं में कुपोषण के कारण, उसके दुष्प्रभाव तथा उससे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भी बारी-बारी से माताओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और बच्चों की देखभाल के संबंध में जागरूक किया।
कलेक्टर की मौजूदगी में डॉक्टरों की टीम ने महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर कुपोषण की जांच की। कलेक्टर ने बताया कि जिला अस्पताल में संचालित सुपोषण केंद्रों में कुपोषित बच्चों का निःशुल्क उपचार किया जाता है। निर्धारित अवधि तक बच्चों को वहां रखकर उनके स्वास्थ्य में सुधार किया जाता है तथा शासन की ओर से सहयोग राशि भी प्रदान की जाती है।
उन्होंने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक जरूरतमंद कुपोषित महिला और बच्चे को सुपोषण केंद्र तक पहुंचाने के लिए परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखें। साथ ही कुपोषण से होने वाले नुकसान और सुपोषण केंद्र से मिलने वाले लाभों के बारे में लोगों को विस्तार से समझाएं। उन्होंने समय-समय पर बच्चों का अनिवार्य टीकाकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्पष्ट किया कि जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को लक्ष्य निर्धारित कर समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




