सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप तथा कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन में जिले में आयोजित सुशासन तिहार-2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी मंच बनकर उभरा है। मई से 10 जून तक जिले के विभिन्न ग्रामों एवं क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में सभी विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की शिकायतों, मांगों एवं समस्याओं का मौके पर समाधान किया।
इन्हीं शिविरों के माध्यम से समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों, वृद्धजनों एवं जरूरतमंद नागरिकों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया। विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनों का त्वरित परीक्षण कर उनका शीघ्र निराकरण किया गया, जिससे अनेक हितग्राहियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला।
समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले में कुल 169 हितग्राहियों को विभिन्न सहायक उपकरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें 11 वृद्धजनों को सहारा छड़ी, 4 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, 3 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, 2 हितग्राहियों को वैशाखी तथा 1 हितग्राही को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। इन सहायक उपकरणों से दिव्यांग एवं वृद्धजन अब अपने दैनिक कार्य अधिक सहजता और आत्मनिर्भरता के साथ कर पा रहे हैं।
इसके अलावा विभाग ने 248 पात्र हितग्राहियों को नवीन सामाजिक सुरक्षा पेंशन की स्वीकृति प्रदान की। इससे वृद्ध, निराश्रित एवं दिव्यांग नागरिकों को नियमित आर्थिक सहायता मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिससे उनके जीवनयापन में सहूलियत मिलेगी।
सुशासन तिहार के दौरान समाज कल्याण विभाग की संवेदनशील कार्यप्रणाली और त्वरित कार्रवाई की हितग्राहियों ने सराहना की। लाभान्वित नागरिकों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह शिविर उनके लिए राहत और विश्वास का केंद्र साबित हुए हैं। यह पहल दर्शाती है कि शासन की योजनाएं अब केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसके जीवन को सरल और सम्मानजनक बनाने का कार्य कर रही हैं। जिले में सुशासन तिहार सेवा, संवेदनशीलता और सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है।

- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




