सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 जून 2026। जिले में जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों और ठेकेदारों की लापरवाही पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर द्वारा विगत पखवाड़े लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद अब सात गांवों के लापरवाह ठेकेदारों के कार्य आदेश निरस्त कर दिए गए हैं।
कार्यपालन अभियंता रमाशंकर कश्यप से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम नरगीखोल, कांदुरपाली और लुरका, बरमकेला विकासखंड के दमदमा और कस्तूरामाल तथा बिलाईगढ़ विकासखंड के लंकाहुडा और मलूहा में जल जीवन मिशन के कार्य लंबे समय से प्रभावित थे। इनमें से पांच गांवों में ठेकेदार पिछले दो वर्षों से कार्य बंद कर चुके थे, जबकि दो गांवों में अब तक कार्य प्रारंभ ही नहीं किया गया था।
इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित ठेकेदारों के कार्य आदेश निरस्त करने के निर्देश दिए, जिस पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए आदेश जारी कर दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जल जीवन मिशन के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई से जिले में विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को स्पष्ट संदेश मिला है कि समय पर और गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

- सारंगढ़:जल जीवन मिशन में बड़ी कार्रवाई: 7 गांवों के ठेकेदारों के ठेके निरस्त… - June 26, 2026
- सारंगढ़:कुपोषण के खिलाफ कलेक्टर का बड़ा अभियान, आंगनबाड़ी पहुंचकर माताओं को दिया सुपोषण का मंत्र… - June 26, 2026
- सारंगढ़:सुशासन तिहार बना जनसेवा का सशक्त माध्यम, 417 जरूरतमंदों को मिला सीधा लाभ… - June 26, 2026


