सरिया। थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के कुशल नेतृत्व, त्वरित निर्णय क्षमता और प्रभावी पुलिसिंग के चलते सरिया पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 41 किलो 620 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर करारा प्रहार हुआ है।
पुलिस को 26 जून 2026 को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बलेनो कार क्रमांक UP-90-R-3416 में एक व्यक्ति ओडिशा से छत्तीसगढ़ के सरिया एवं रायगढ़ मार्ग होते हुए उत्तर प्रदेश के कानपुर की ओर भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया ने अपनी टीम के साथ तत्काल घेराबंदी कर थाना सरिया के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन की जांच शुरू की।
घेराबंदी के दौरान संदिग्ध बलेनो कार को रोककर चालक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम रितिक राय (26 वर्ष), निवासी ग्राम अमरहट, थाना सरायलखनसी, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश) बताया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली, जिसमें कार की डिक्की से खाकी रंग के प्लास्टिक टेप में लिपटे 40 पैकेटों में कुल 41 किलो 620 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बलेनो कार एवं एक ओप्पो स्मार्ट मोबाइल भी जब्त किया गया।
सरिया पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 125/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक मोहन लाल गुप्ता, अनिल साहू, सुरेन्द्र सिदार, टीकाराम पटेल, आरक्षक दिगम्बर पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, मुकेश कश्यप, नर्मदा यादव, सुरेन्द्र पटेल, दिलीप साहा तथा साइबर सेल सारंगढ़ के आरक्षक कृष्णा डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्षेत्र में लगातार हो रही प्रभावी कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में सरिया पुलिस अवैध नशे के कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस की इस सफलता की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।



