महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के झारा गांव में 18 वर्षीय युवती की हत्या कर शव को नाले की रेत में दफनाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

पुलिस ने मामले में युवती के 17 वर्षीय नाबालिग बॉयफ्रेंड को हिरासत में लिया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती लगातार उससे शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार मृतका भारती टंडन (18) ने हाल ही में 11वीं कक्षा उत्तीर्ण कर 12वीं में प्रवेश लिया था। 19 जून को उसका जन्मदिन था। उसी रात वह घर से कपड़े और जरूरी सामान लेकर निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। स्वजनों ने काफी तलाश के बाद खल्लारी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
रेत में दफन युवती का शव बरामद हुआ
22 जून को गांव के समीप एक नाले की रेत में दफन युवती का शव बरामद हुआ। शव का कुछ हिस्सा बाहर निकला हुआ था तथा आसपास से दुर्गंध आ रही थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव बाहर निकाला, जिसकी पहचान भारती टंडन के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि भारती का उसी स्कूल में पढ़ने वाले रामखेड़ा निवासी एक नाबालिग छात्र से प्रेम संबंध था। कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भारती से पीछा छुड़ाना चाहता था। जन्मदिन की रात उसने शादी का भरोसा देकर उसे मिलने बुलाया।
दोनों नाले के पास मिले
पुलिस के अनुसार दोनों नाले के पास मिले। वहां आरोपित ने संबंध बनाए। कुछ समय साथ रहने के बाद आरोपित ने युवती को गिफ्ट देने के बहाने आंखें बंद करने को कहा और पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने शव को रेत में दबाकर साक्ष्य छिपाने की कोशिश की।
युवती का बैग, कपड़े और अन्य सामान बरामद किया गया
घटनास्थल से युवती का बैग, कपड़े और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। एएसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
- जगन्नाथ रथ यात्रा 2026: जब भक्तों के बीच स्वयं आते हैं प्रभु, रथ की एक डोर पकड़ने से मिलता है अनंत पुण्य… - June 26, 2026
- दिल की बीमारी: जीवनशैली में बदलाव से कैसे करें सुधार… - June 26, 2026
- भरवां शिमला मिर्च बनाने की सरल विधि… - June 26, 2026


