सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 जून 2026। जिले में मत्स्य उत्पादन को नई गति देने की दिशा में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने ग्राम छिंद स्थित मत्स्य पालन विभाग की हेचरी का निरीक्षण कर अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हेचरी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधनों के विकास पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने हेचरी में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नई पानी टंकी निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राहू, कतला एवं अन्य प्रमुख प्रजातियों के साथ-साथ झींगा मछली के उत्पादन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान बाजार में झींगा की मांग और बेहतर मूल्य को देखते हुए इसका उत्पादन किसानों और स्व-सहायता समूहों के लिए आय का अच्छा माध्यम बन सकता है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को ग्राम के लगभग 42 तालाबों में मत्स्य उत्पादन को बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं 3 तालाबों को बिहान महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी कहा। इस संबंध में उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं ग्राम सरपंच नरेश रात्रे को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और बाजार की मांग के अनुरूप मत्स्य पालन को बढ़ावा देकर जिले में रोजगार और आय के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उनके इस दौरे से मत्स्य पालन विभाग में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और आने वाले समय में जिले में मछली उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई जा रही है।



