सारंगढ़/बरमकेला। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन परिणाम ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई है। मोना मॉडर्न स्कूल, बरमकेला की मेधावी छात्रा पूनम पटेल के अंकों में पुनर्मूल्यांकन के बाद 5 अंकों की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही उनका कुल प्राप्तांक 500 में 482 (96.4 प्रतिशत) हो गया है और वे प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में 10वें स्थान पर पहुंच गई हैं। इससे जिले, स्कूल और पूरे बरमकेला अंचल में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, पूनम पटेल ने बोर्ड परीक्षा में प्रारंभिक परिणाम में 500 में 477 अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया था। हालांकि हिंदी विषय में मिले 69 अंक से असंतुष्ट होकर उन्होंने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया। पुनर्मूल्यांकन के परिणाम में हिंदी विषय में 5 अंक बढ़कर 74 हो गए, जिससे उनका कुल स्कोर 482 अंक हो गया।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी टॉप-10 सूची के अनुसार 482 अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त हुआ है। इसी आधार पर पूनम पटेल का नाम भी मेरिट सूची में शामिल होना तय माना जा रहा है। इसकी औपचारिक घोषणा बोर्ड द्वारा स्थायी मेरिट सूची जारी होने के समय की जाएगी।
बिलाईगढ़ ‘ब’ निवासी किशोर पटेल की सुपुत्री पूनम पटेल ने अपनी इस शानदार उपलब्धि से न केवल अपने परिवार, बल्कि गांव, बरमकेला अंचल, मोना मॉडर्न स्कूल और पूरे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का गौरव बढ़ाया है।
मोना मॉडर्न स्कूल के डायरेक्टर अमितेश केशरवानी ने बताया कि पूनम शुरू से ही प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। हिंदी विषय में अपेक्षा से कम अंक मिलने पर उन्होंने पुनर्मूल्यांकन का निर्णय लिया और उनकी मेहनत रंग लाई। उन्होंने इस सफलता का श्रेय पूनम की लगन, उनके माता-पिता के सहयोग तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन को दिया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 10वीं बोर्ड परीक्षा में भी मोना मॉडर्न स्कूल के छात्र हेमंत पटेल ने प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया था। अब 12वीं में पूनम पटेल की इस ऐतिहासिक सफलता ने विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को एक बार फिर साबित कर दिया है।
पूनम पटेल की इस उपलब्धि पर पूरे बरमकेला क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए जिले की नई प्रेरणा बताया है।



