सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव ने जिले के सभी अभिभावकों से 28 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जन्म से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा अवश्य पिलाएं। यही दो बूंद बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर और आजीवन दिव्यांगता देने वाली बीमारी से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि “पोलियो मुक्त भारत” का संकल्प तभी पूरा होगा, जब जिले का कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने सभी माता-पिता से आग्रह किया कि वे 28 जून को अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर जाएं और उन्हें पोलियो की खुराक दिलाएं।
वहीं सीएमएचओ डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर भी उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जो किसी कारणवश छूट जाएंगे।
डॉ. वैष्णव ने कहा कि कई अभिभावकों को यह भ्रम होता है कि पहले दवा पिलाई जा चुकी है, इसलिए दोबारा जरूरत नहीं है, जबकि हर पल्स पोलियो अभियान में हर बच्चे को दो बूंद दवा पिलाना आवश्यक है। प्रत्येक अतिरिक्त खुराक बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को और मजबूत बनाती है तथा पोलियो वायरस के प्रसार को पूरी तरह रोकने में मदद करती है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं सीएमएचओ डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से भी अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि “एक भी बच्चा छूटे नहीं, यही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता होगी।”

संयुक्त अपील:
“28 जून 2026, रविवार को जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। आपका छोटा-सा सहयोग आपके बच्चे के सुरक्षित भविष्य के साथ-साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले और देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। आइए, हम सब मिलकर ‘दो बूंद जिंदगी की’ अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाएं।”

- सारंगढ़:कलेक्टर के निर्देश से छिंद हेचरी में बढ़ेगा मत्स्य उत्पादन, झींगा पालन को मिलेगा नया आयाम… - June 25, 2026
- कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं सीएमएचओ डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव की संयुक्त अपील: 28 जून को 5 वर्ष तक के हर बच्चे को जरूर पिलाएं पोलियो की दो बूंद… - June 25, 2026
- मानसून सीजन के ये फल करें डाइट में शामिल, डाइजेशन रहेगा दुरुस्त.. - June 25, 2026


