सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के चिन्हित 17 ग्रामों के पंचायत सचिवों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग बद्रीश सुखदेवे, जिला परियोजना समन्वयक सरिता वर्मा, वेतन प्रभारी विमल अजगल्ले सहित बलभद्र पटेल एवं सभी पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी 17 ग्रामों में वर्तमान जनसंख्या के आधार पर सर्वे कर 17 विभागों की 26 शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। इसके लिए प्रत्येक पंचायत सचिव को प्रारंभिक डाटा संग्रह का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने को कहा गया। सभी परिवारों की विस्तृत जानकारी संकलित कर योजनाओं से वंचित लोगों की पहचान की जाएगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चिन्हित सभी गांवों में प्रत्येक आदिवासी परिवार का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाए। साथ ही 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के शाला त्यागी बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः स्कूल, छात्रावास एवं आश्रमों में प्रवेश दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में आदिवासी महिलाओं एवं बच्चों में कुपोषण की स्थिति की शत-प्रतिशत जानकारी एकत्रित करने, उन्हें दिए जा रहे पोषण आहार तथा स्वास्थ्य में हो रहे सुधार का नियमित रिकॉर्ड तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि अभियान के दौरान किसी भी पात्र परिवार को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
गौरतलब है कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में सामाजिक एवं बुनियादी ढांचे का विकास, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, शिक्षा को बढ़ावा देना तथा आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत जनजातीय बाहुल्य गांवों में पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वन अधिकार पट्टा, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, मनरेगा, सामाजिक पेंशन, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, महतारी वंदन योजना, टीकाकरण सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी पंचायत सचिवों से समन्वित ढंग से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सर्वे एवं सत्यापन कार्य पूरा करने और अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

- सारंगढ़:सोनाखान के विकास को लेकर कांग्रेस की हुंकार, DMF फंड का लाभ देने की उठी मांग… - June 24, 2026
- सारंगढ़:पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने उठी मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन… - June 24, 2026
- सारंगढ़:समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त: सड़क सुरक्षा, अवैध कब्जे और कुपोषण पर दिए कड़े निर्देश… - June 24, 2026


