सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने लगातार दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। दो दिनों के अभियान में कुल 6 हाईवा वाहन और एक पोकलेन मशीन जब्त की गई, जिससे अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
सोमवार को सारंगढ़ तहसील क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर हाईवा क्रमांक CG07 CR-7715 एवं CG13 AQ 0321 को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से थाना सारंगढ़ में रखा गया।
इसके बाद मंगलवार को फिर से सारंगढ़ तहसील क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान गौण खनिज चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए हाईवा क्रमांक CG13 BB 2721 एवं CG13 BB 2321 को पकड़कर जब्त किया गया और थाना सारंगढ़ में सुरक्षित रखा गया।
वहीं उपतहसील कोसीर के ग्राम पंचायत पासीद में औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रेत उत्खनन का बड़ा मामला सामने आया। यहां अवैध खनन में लगी एक पोकलेन मशीन को जब्त कर ग्राम सरपंच की सुपुर्दगी में सौंपा गया। साथ ही अवैध रेत परिवहन में संलिप्त हाईवा क्रमांक CG-06-HD-6457 एवं CG-11-BK-6697 को भी जब्त कर थाना कोसीर में सुरक्षित रखा गया।
खनिज विभाग ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




