सारंगढ़। जिले में इन दिनों यह अफवाह तेजी से फैल रही है कि शासन एवं सहकारी समितियों द्वारा पान जमुना किस्म के धान की खरीदी मंडियों में नहीं की जाएगी। इस तरह की भ्रामक जानकारी से किसानों के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति बन रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पान जमुना किस्म के धान की खरीदी बंद करने संबंधी कोई भी आदेश या निर्देश जारी नहीं किया गया है। सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं के माध्यम से फैल रही यह बात पूरी तरह अफवाह है, जिस पर विश्वास करने की आवश्यकता नहीं है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और केवल शासन अथवा कृषि एवं सहकारिता विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी को ही सही मानें। यदि भविष्य में शासन द्वारा पान जमुना धान की खरीदी को लेकर कोई निर्णय लिया जाता है, तो उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कर सभी किसानों को समय पर अवगत कराया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध शासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे अफवाहों से बचें, दूसरों को भी जागरूक करें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित सहकारी समिति या कृषि विभाग से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें।

- छत्तीसगढ़:प्रिंटर से छापे 12.50 लाख के नकली नोट, मार्केट में चलाने की थी कोशिश, पुलिस ने धरे तीन आरोपी… - August 12, 2026
- छत्तीसगढ़:वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: तेंदुए की खाल के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 2 बाइक जब्त… - August 12, 2026
- छात्राओं से अश्लील हरकत के आरोप, प्रिंसिपल के खिलाफ फूटा गुस्सा; विद्यार्थियों ने स्कूल में जड़ दिया ताला… - August 12, 2026




