सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 जून 2026। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अध्ययनरत विद्यार्थियों से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (शिक्षा सत्र 2026-27) के लिए समय पर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। विभाग के अनुसार, नवीनीकरण (Renewal) के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 20 जून 2026 से प्रारंभ हो चुका है, जिसकी अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। वहीं नवीन (Fresh) आवेदन के लिए पोर्टल 1 अगस्त 2026 से खोला जाएगा।
विभाग ने बताया कि छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय 1 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र तथा अध्ययनरत पाठ्यक्रम के पिछले वर्ष की परीक्षा का परिणाम संलग्न करना अनिवार्य होगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की राशि पीएफएमएस (PFMS) के माध्यम से आधार आधारित प्रणाली से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसलिए आवेदन करते समय विद्यार्थी यह सुनिश्चित करें कि उनका बचत बैंक खाता सक्रिय हो तथा वह आधार से लिंक (आधार सीडेड) हो।
साथ ही शिक्षा सत्र 2026-27 से एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के सभी विद्यार्थियों के लिए एनएसपी (NSP) पोर्टल पर ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) प्राप्त करना भी अनिवार्य किया गया है। ओटीआर संबंधी दिशा-निर्देश राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। छात्रवृत्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, कोसीर रोड, डिग्री कॉलेज के पास, सारंगढ़ कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

- छत्तीसगढ़:प्रिंटर से छापे 12.50 लाख के नकली नोट, मार्केट में चलाने की थी कोशिश, पुलिस ने धरे तीन आरोपी… - August 12, 2026
- छत्तीसगढ़:वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: तेंदुए की खाल के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 2 बाइक जब्त… - August 12, 2026
- छात्राओं से अश्लील हरकत के आरोप, प्रिंसिपल के खिलाफ फूटा गुस्सा; विद्यार्थियों ने स्कूल में जड़ दिया ताला… - August 12, 2026




