सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कुशल मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के विशेष प्रयासों से जिला चिकित्सालय सारंगढ़ आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

मात्र 15 दिनों में 1526 मरीज, 6500 से अधिक जांचें
03 जून 2026 को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ किया गया था। शुभारंभ के बाद केवल 15 दिनों की अवधि में ही लैब ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 1526 मरीजों का पंजीयन किया तथा 6500 से अधिक महत्वपूर्ण पैथोलॉजी जांचें सफलतापूर्वक पूरी कीं। यह उपलब्धि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
136 प्रकार की आधुनिक जांचें अब पूरी तरह नि:शुल्क
जिला चिकित्सालय में अब मरीजों को महंगी जांचों के लिए निजी लैब का सहारा नहीं लेना पड़ रहा है। अस्पताल में 136 प्रकार की आधुनिक जांचें नि:शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें सीबीसी, लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), किडनी फंक्शन टेस्ट (आरएफटी), इलेक्ट्रोलाइट, सिकल सेल, ईएसआर, थायराइड प्रोफाइल, विटामिन-डी, प्रोलैक्टिन, फेरीटिन, विटामिन बी-12, आरएच फैक्टर सहित कई अन्य जटिल एवं महत्वपूर्ण जांचें शामिल हैं।
गरीब और ग्रामीण मरीजों को बड़ी राहत
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक बेहतर, सुलभ और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि अस्पताल की पूरी टीम चौबीसों घंटे मरीजों की सेवा के लिए समर्पित है तथा भविष्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में उपलब्ध हो रही अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी आर्थिक राहत मिल रही है। महंगी जांचें अब सरकारी अस्पताल में नि:शुल्क उपलब्ध होने से लोगों में खुशी का माहौल है और जिला चिकित्सालय पर जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।


