सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 जून 2026। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग की मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व नाम जवाहर उत्कर्ष) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। योजना का लाभ लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को 20 जून 2026 तक अपने अध्ययनरत विद्यालय में आवेदन पत्र जमा करना अनिवार्य होगा।
आवेदन पत्र संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय तथा सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। चयन हेतु जिला एवं विकासखंड स्तर पर 5 जुलाई 2026 (रविवार) को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक लिखित प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
उत्कर्ष योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा, छात्रावास और भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर मिल सके।
योजना के तहत आवेदन करने के लिए विद्यार्थी का सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का मूल निवासी होना आवश्यक है। साथ ही वह छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मान्यता प्राप्त अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग का स्थायी जाति प्रमाण पत्र धारक होना चाहिए। अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आय प्रमाण पत्र तथा निर्धारित प्रारूप में पालक का स्वघोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगा। ग्राम पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों के विद्यार्थी पात्र होंगे, जबकि जनपद पंचायत, नगर पंचायत, नगरपालिका एवं नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। पात्र विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की गई है।

- 15 अगस्त की तैयारियों पर कलेक्टर सख्त, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश… - August 4, 2026
- मां का दूध है शिशु का अमृत, स्तनपान सप्ताह में माताओं को दिया गया स्वास्थ्य का संदेश… - August 4, 2026
- ‘बिहान’ की राखियों की धूम: एक दिन में ₹13,420 की बिक्री, महिलाओं के हुनर को मिला सम्मान… - August 4, 2026




