भारतीय महिला टीम ने 14 जून (रविवार) को बर्मिंघम के एजबेस्टन में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के साथ अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान का आगाज किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने स्मृति मंधाना की 68 रनों की तूफानी पारी की मदद से 170 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.

हरमनप्रीत कौर (36) और ऋचा घोष (34) ने भी अहम योगदान दिया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 17 ओवरों में मात्र 106 रनों पर सिमट गई.
इस मैच की असली स्टार दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने अपनी जादुई स्पिन से पाकिस्तानी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया. हालांकि, वह बल्ले से विशेष योगदान नहीं दे पाईं, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में केवल 10 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट झटके. दीप्ति की चतुर गेंदबाजी और गति में बदलाव ने उन्हें इस ऐतिहासिक मुकाबले में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का हकदार बनाया.
दीप्ति ने बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
अपनी इस शानदार गेंदबाजी के दौरान दीप्ति शर्मा महिला टी20 इंटरनेशनलक्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं. उन्होंने अपना 166वां विकेट लेकर थाईलैंड की थिपाचा पुथावॉन्ग (165 विकेट) को पीछे छोड़ दिया. वह अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (तीनों फॉर्मेट) में 350 विकेट का आंकड़ा पार करने वाली दुनिया की पहली स्पिनर और दूसरी भारतीय महिला गेंदबाज भी बन गई हैं.
अपनी सफलता पर क्या बोलीं दीप्ति?
मैच के बाद दीप्ति शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय पूरी टीम को दिया और भगवान का आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा, ”मैं बहुत आभारी हूं, मुझे इस तरह की पिचें पसंद हैं और हनुमान जी महान हैं.” उन्होंने अपनी रणनीति साझा करते हुए बताया कि पिच से टर्न मिल रहा था, इसलिए उन्होंने हवा में गेंद की गति को धीमा रखा और सही क्षेत्रों में गेंदबाजी करने पर ध्यान केंद्रित किया, जिससे उन्हें मदद मिली.
कौन से अन्य बड़े रिकॉर्ड्स बने?
दीप्ति शर्मा अब दिग्गज झूलन गोस्वामी (355 विकेट) के सर्वकालिक अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ने से मात्र दो विकेट दूर हैं. दीप्ति शर्मा ने अपने पांच विकेटों के साथ महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े (5/10) भी दर्ज किए हैं. उनके अलावा युवा स्पिनर श्री चरणी ने भी अपने टी20 वर्ल्ड कप डेब्यू पर 21 रन देकर 3 विकेट लिए, जो इस टूर्नामेंट के डेब्यू मैच में किसी भी भारतीय के लिए तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.




