राष्ट्रीय राजधानी के अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार की रात भी पहले मैच का कमोबेश रीप्ले ही दिखा, जब श्रेयस अय्यर ने 12वें अंतरराष्ट्रीय मैच में टॉस जीता और अफगानिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

फिर गेंदबाजों की कसावट के सामने अफगानी बल्लेबाज लगातार दूसरी बार डेढ़ सौ रनों से तनिक ऊपर जा सके और अंत में ओपनर संजू सैमसन के बल्ले से विस्फोटक अर्धशतक देखने को मिला। नतीजा यह हुआ कि टीम इंडिया ने 31 गेंदों के शेष रहते सात विकेट की प्रभावी जीत से तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 2-0 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली।
नीतीश एंड कम्पनी ने अफगानों को 8-159 पर रोका
‘प्लेयर ऑफ द मैच’ नीतीश कुमार रेड्डी (3-24) व अर्शदीप सिंह (2-35) सहित अन्य गेंदबाजों ने मिलकर अफगानिस्तान को पिछले मैच से तीन रन ज्यादा यानी 8-159 पर रोका। इस दौरान कप्तान इब्राहिम जादरान (37 रन, 33 गेंद, छह चौके) जहां सर्वोच्च स्कोरर रहे वहीं सेदिकुल्लाह अटल (12 रन, 15 गेंद, दो चौके) संग उनकी दूसरे विकेट पर 51 रनों की इकलौती अर्धशतकीय भागीदारी देखने को मिली।
संजू व अभिषेक ने 38 गेंदों पर 88 रन ठोक कर जीत की पटकथा लिखी
जवाबी काररवाई में संजू सैमसन ने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए न सिर्फ विश्व कप के बाद अपना सबसे बड़ा स्कोर (57 रन, 22 गेंद, चार छक्के, सात चौके) बनाया वरन साथी ओपनर अभिषेक शर्मा (39 रन, 19 गेंद, चार छक्के, दो चौके) के साथ मिलकर 38 गेंदों पर ही 88 रन ठोकते हुए भारत की राह आसान कर दी, जिसने 14.5 ओवरों में तीन विकेट पर 163 रन बना लिए।
ईशान किशन ने दिया जीत को अंतिम स्पर्श
हालांकि लेगब्रेक गुगली विशेषज्ञ राशिद खान (3-36) ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को सातवें ओवर में चार गेंदों के भीतर लौटा दिया, लेकिन इसके बाद ईशान किशन (नाबाद 38 रन, 23 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) ने जिम्मेदारी संभाली और श्रेयस अय्यर (11 रन, 11 गंद, एक छक्का) व फिर तिलक वर्मा (नाबाद 15 रन, 14 गेंद, एक चौका) संग मिलकर टीम की जीत को अंतिम स्पर्श दे दिया।
इब्राहिम जादरान व सेदिकुल्लाह के बीच अर्धशतकीय भागीदारी
इसके पूर्व सीनियर पेसर जसप्रीत बुमराह (1-25) व अर्शदीप सिंह ने पहले मैच की ही भांति शुरुआती चमक बिखेरी। पारी का पहला ओवर बुमराह ने मेडन फेंका तो अगले ओवर में अर्शदीप ने रहमतुल्लाह गुरबाज को खाता खोले बिना लौटा दिया। इसके बाद जादरान व सेदिकुल्लाह अटल ने अर्धशतकीय भागीदारी अवश्य की। लेकिन नीतीश ने नौवें ओवर में जादरान को डीप मिडविकेट में रवि बिश्नोई से कैच कराया तो फिर लगातार अंतराल पर विकेट गिरने लगे।
स्कोर कार्ड
इस दौरान दारविश रसूल (26 रन, 15 गेंद, दो छक्के, एक चौका) ने तनिक दृढ़ता दिखाते हुए स्कोर 100 रनों तक पहुंचाया तो मोहम्मद नबी (20 रन, 14 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व पारी के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर राशिद खान (28 रन, 16 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) ने आठवें विकेट के लिए 28 गेंदों पर 48 रन जोड़े, जिससे टीम 160 के करीब तक पहुंच सकी। रवि बिश्नोई व अक्षर पटेल ने भी एक-एक सफलता पाई।
गुरुवार को दिल्ली में ही तीसरे मैच से पूरी होगी औपचारिकता
अब दोनों टीमें गुरुवार (17 सितम्बर) को इसी मैदान पर तीसरे व अंतिम मैच में सीरीज की औपचारिकता पूरी करने उतरेंगी। यह देखना दिलचस्प रहेगा कि मेजबान देश की हैसियत से दिल्ली में सिरीज खेल रही अफगानी टीम खुद को ह्वाइटवाश से बचा पाती है अथवा नहीं।
- पित्त की थैली’ में बन रही पथरी, इन 5 संकेतों के दिखते हो जाए सतर्क, डॉक्टर के पास जाने में की देरी तो आ सकती है सर्जरी की… - September 16, 2026
- गणेश उत्सव पर बनाएं स्वादिष्ट पूरन पोली… - September 16, 2026
- जाग रही है वो शक्ति, जिसका.’, जल्द खत्म होगा इंतजार, जानें कब आएगा The Vvan का ट्रेलर? - September 16, 2026
