सारंगढ़: सारंगढ़ क्षेत्र के नवापारा से जशपुर (कछार) तक आवागमन करने वाले हजारों ग्रामीणों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण की मांग को आखिरकार शासन ने मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के निर्माण पर ₹331.06 लाख खर्च किए जाएंगे। लगभग 2 किलोमीटर लंबी इस सड़क की स्वीकृति का पूरा श्रेय जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति श्रीमती संतोषी अरविंद खटकर के सतत प्रयासों और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिया जा रहा है।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को सौंपा था ज्ञापन-

गौरतलब है कि नवापारा और जशपुर को जोड़ने वाला यह मार्ग अत्यंत जर्जर स्थिति में था। सड़क न होने के कारण प्रतिदिन सफर करने वाले ग्रामीणों, किसानों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, विशेषकर वर्षा ऋतु में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता था जिससे गांवों का संपर्क टूट जाता था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिपं सभापति श्रीमती संतोषी खटकर ने छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री माननीय ओ.पी. चौधरी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा था और बजट स्वीकृति की मांग प्रमुखता से उठाई थी।
तरक्की को मिलेगी नई रफ्तार-
सड़क निर्माण की मंजूरी मिलने से अब क्षेत्र की सूरत बदलने वाली है। इस मार्ग के पक्का होने से विद्यार्थियों को समय पर और सुरक्षित तरीके से स्कूल-कॉलेज पहुंचने में आसानी होगी।
किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में सहूलियत मिलेगी।
क्षेत्र के व्यापार, रोजगार और समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को एक नई गति प्राप्त होगी।
क्षेत्रवासियों ने जताया आभार-
इस बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण की आधिकारिक स्वीकृति मिलने के बाद से ही पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए जिला पंचायत सभापति श्रीमती संतोषी अरविंद खटकर, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है, साथ ही उम्मीद जताई है कि सड़क का निर्माण कार्य धरातल पर जल्द से जल्द शुरू कराया जाएगा।
- 5 जून को हर ग्राम पंचायत में गूंजेगा स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश: विशेष ग्राम सभा में होंगे अहम संकल्प… - June 3, 2026
- खनिज माफियाओं पर प्रशासन का कड़ा प्रहार: नियम उल्लंघन पर क्रेशर सील, जारी हुआ कारण बताओ नोटिस… - June 3, 2026
- सारंगढ़:शिक्षकों की 10 सूत्रीय मांगों पर गरजी शिक्षक कांग्रेस, बीईओ से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन… - June 3, 2026

