सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत बिलाईगढ़ विकासखंड में चल रहे हर घर नल कनेक्शन कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ठेकेदारों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसी महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विभागीय अधिकारियों, सरपंचों, सचिवों और ठेकेदारों के साथ गांववार प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पानी टंकी निर्माण, पाइपलाइन बिछाने, हर घर नल कनेक्शन, सीसी रोड की मरम्मत, स्वीकृत एस्टीमेट के अनुरूप कार्य, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में हाइड्रो बोर कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जानकारी मिली कि मधबनकला गांव में कुछ ग्रामीण नल कनेक्शन कार्य का विरोध कर रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम और जनपद सीईओ को ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें समझाने के निर्देश दिए कि यह योजना गांव के प्रत्येक परिवार को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए है।
एक अन्य गांव में सरकारी बोरिंग से पानी टंकी तक पाइपलाइन जोड़ने के कार्य में भी ग्रामीणों द्वारा बाधा उत्पन्न किए जाने की जानकारी पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सरकारी बोर चाहे किसी भी विभाग का हो, उसका उपयोग जनहित और पेयजल आपूर्ति के लिए किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति या समूह इस महत्वाकांक्षी योजना में बाधा उत्पन्न करता है तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में अनुपस्थित सरपंचों, सचिवों और ठेकेदारों के प्रति भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई और सभी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और तय समय-सीमा में सभी अधूरे कार्य पूर्ण किए जाएं।
बैठक में एसडीएम प्रफुल्ल रजक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रमाशंकर कश्यप, ब्लॉक अधिकारी बी.एल. खरे, जनपद पंचायत बिलाईगढ़ की सीईओ योगेश्वरी बर्मन, विद्युत विभाग के अधिकारी प्रकाश महानंदा तथा क्रेडा अधिकारी शिवेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
- संजू की होगी वापसी या वैभव और अभिषेक करेंगे ओपनिंग, जानें पहले टी20 में कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़:इंस्टाग्राम रील देखकर शेयर ट्रेडिंग के जाल में फंसा कारोबारी, ₹94.50 लाख गंवाए… - September 13, 2026
