सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सह प्रभारी जरिता लैत फलांग ने अपने संगठनात्मक दौरे के तहत सोमवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का दौरा कर कांग्रेस संगठन को आगामी नगरीय निकाय चुनाव और भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों के लिए पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया। उन्होंने शहर और ग्रामीण दोनों स्तरों पर मैराथन बैठकें लेकर संगठन की मजबूती, अनुशासन और बूथ स्तर तक सक्रियता पर विशेष जोर दिया।
सर्वप्रथम सारंगढ़ विश्राम गृह पहुंचने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, ब्लॉक अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद शहर कांग्रेस कमेटी की आवश्यक बैठक आयोजित हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सह प्रभारी जरिता लैत फलांग ने कहा कि संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस विपक्ष में रहते हुए भी जनता की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है और प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह किसानों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, पत्रकारों एवं आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर पर नियमित बैठकें हों, प्रत्येक बैठक की कार्यवाही का रिकॉर्ड रखा जाए तथा संगठन के कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता से लागू किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और जो पदाधिकारी लगातार बैठकों से अनुपस्थित रहें तथा संगठनात्मक कार्यों में रुचि न लें, उन्हें नोटिस देकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने आगामी नगर पालिका चुनाव को देखते हुए शहर कांग्रेस को मजबूत रणनीति के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने कहा कि जिले में लगातार संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जा रही हैं और एआईसीसी एवं पीसीसी के सभी कार्यक्रमों का सफल संचालन हो रहा है। खेती के व्यस्त मौसम के बावजूद कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी संगठन की मजबूती का प्रमाण है।
विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने कहा कि जब प्रदेश की सह प्रभारी हजारों किलोमीटर की यात्रा कर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच सकती हैं, तो स्थानीय कार्यकर्ताओं का भी कर्तव्य है कि वे हर बैठक और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन महामंत्री गोल्डी नायक ने किया। बैठक में संगठनात्मक प्रोटोकॉल, मंच व्यवस्था, अनुशासन और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूरज तिवारी ने संगठन और आगामी चुनावी तैयारियों पर अपने विचार रखे, जबकि शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सीदार ने संगठन की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
इसके बाद सह प्रभारी जरिता लैत फलांग ग्राम बैगीनडीह पहुंचीं, जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता शत्रुघ्न पटेल के निवास पर सारंगढ़ ब्लॉक कांग्रेस की मैराथन बैठक आयोजित हुई। ग्रामीण परिवेश में एक सामान्य कार्यकर्ता के घर बैठक आयोजित होने से कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सह प्रभारी ने एक-एक कार्यकर्ता से परिचय प्राप्त कर गांव की समस्याओं और संगठन की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि संगठन को ब्लॉक से मंडल और मंडल से बूथ तक और अधिक मजबूत करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि लगातार सक्रिय रहकर जनता के बीच काम करें और संगठन की पहचान को और मजबूत बनाएं। उन्होंने संगठन में अनुशासन बनाए रखने तथा अनुशासनहीनता पर कठोर कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं शत्रुघ्न पटेल और बद्री विशाल का शॉल एवं कांग्रेस गमछा पहनाकर सम्मान किया गया। साथ ही राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिल्पी निकेतन झारा को भी बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने दूर-दराज़ क्षेत्रों से बारिश के बीच पहुंचे कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण कार्यकर्ताओं का सम्मान और उनकी भागीदारी ही संगठन की असली शक्ति है।
विधायक उत्तरी जांगड़े ने कहा कि क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं ने उन्हें दो बार विधायक बनाकर जो विश्वास जताया है, उसे संगठन की मजबूती और जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पटेल ने संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। वहीं कार्यक्रम के अंत में विजय विक्की पटेल ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
बैठक के बाद सह प्रभारी जरिता लैत फलांग, विधायक उत्तरी जांगड़े एवं महिला कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीण महिलाओं और किसानों के साथ खेत में उतरकर धान की रोपाई भी की तथा कृषि कार्यों का अवलोकन कर किसानों से संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
- संजू की होगी वापसी या वैभव और अभिषेक करेंगे ओपनिंग, जानें पहले टी20 में कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़:इंस्टाग्राम रील देखकर शेयर ट्रेडिंग के जाल में फंसा कारोबारी, ₹94.50 लाख गंवाए… - September 13, 2026
