रायगढ़। जिले में नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए ग्राम कुडुमकेला में अवैध शराब बेच रही महिला को पकड़कर उसके कब्जे से 26 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में 29 मई 2026 को ग्राम कुडुमकेला में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बरपारा निवासी सिरमोती मांझी (45 वर्ष) अपने घर में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां शराब पीने के लिए मौजूद कुछ लोग भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने घर में मौजूद महिला से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अवैध रूप से महुआ शराब रखने और बेचने की बात स्वीकार कर ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन प्लास्टिक जरीकेनों में रखी कुल 26 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 5,200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 250 रुपये नगद भी जब्त किए गए। मामले में महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के साथ सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धो पटेल तथा महिला आरक्षक सम्पत्ति भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिलेभर में अवैध शराब, गांजा, नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अवैध शराब और नशे का कारोबार समाज में अपराध एवं सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देता है। उन्होंने लोगों से ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया, ताकि नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।


