रायगढ़, 14 सितंबर। घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे लाइन से कीमती कैटनरी तार, संपर्क तार, क्लिप सहित अन्य रेलवे सामग्री चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर एक अन्य बाइक चोरी के मामले का भी खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की करीब ₹40 हजार कीमत की बाइक तथा रेलवे सामग्री बेचने से बची ₹2 हजार की रकम बरामद कर जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 12 जुलाई 2026 को ग्राम कुडुमकेला कुधरीपारा निवासी मनबोध दास महंत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात करीब 3:25 से 3:55 बजे के बीच ग्राम कारीछापर और कुडुमकेला के बीच रेलवे किलोमीटर क्रमांक 47/03 से 47/06, लमडांड के समीप जंगल क्षेत्र में रेलवे लाइन से बड़ी मात्रा में सामग्री चोरी हो गई। चोरी गए सामान में 215 मीटर 65 एमएम कैटनरी तार, 215 मीटर 107 एमएम संपर्क तार, कैटनरी सप्लायर, संपर्क तार सप्लायर, ड्रापर वायर, कैटनरी एवं संपर्क तार क्लिप, स्टेडी आर्म और स्वीवेल क्लिप शामिल थे। मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 222/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
इसी दौरान 11 सितंबर को ग्राम बांसमुड़ा निवासी लक्ष्मीनारायण चौहान ने अपनी हीरो एचएफ डिलक्स बाइक क्रमांक CG-13-AH-0489 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बाइक को 10 सितंबर की शाम ग्राम नावापारा टेंडा बाजार डांड के पास खड़ा किया था। बाजार से लौटने पर बाइक गायब मिली। इस मामले में अपराध क्रमांक 287/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दोनों मामलों में माल-मुल्जिम की तलाश के दौरान थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तरेकेला निवासी रामप्रसाद सारथी चोरी की बाइक के साथ देखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम तरेकेला, छाल पहुंचकर संदेही को अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने रेलवे लाइन से सामग्री चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी की सामग्री को अज्ञात फेरी-कबाड़ियों को बेच दिया था और बिक्री से मिली रकम खर्च कर दी। उसके मेमोरंडम कथन के आधार पर बची ₹2,000 की रकम बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी करना भी स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से करीब ₹40,000 कीमत की हीरो एचएफ डिलक्स बाइक बरामद कर जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रामप्रसाद सारथी पिता श्यामलाल सारथी, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम तरेकेला, थाना छाल है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल एवं उधोराम पटेल की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली और एक ही आरोपी से जुड़ी दो चोरी की वारदातों का पर्दाफाश हुआ।

- गड्ढों में डूबा बिलाईगढ़! गौरव पथ बना जानलेवा, रोज गिर रहे बाइक सवार… - September 14, 2026
- सारंगढ़:सपेरा बस्ती में शिक्षा और सुरक्षा की अलख, प्रियंका गोस्वामी ने 60 बच्चों को बांटी खुशियां… - September 14, 2026
- रेलवे लाइन का चोर निकला बाइक चोर! घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, दो वारदातों का खुलासा… - September 14, 2026
