रायगढ़। महिला थाना रायगढ़ ने युवती से दुष्कर्म के मामले में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पीड़िता की माता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना चक्रधरनगर क्षेत्र की एक महिला ने 27 मई 2026 को महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री के साथ कुश सिदार उर्फ छोटे नामक युवक ने दुष्कर्म किया है। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि वह 25 मई को अपने कार्य से ओडिशा गई हुई थी और 27 मई को वापस लौटने पर उसे घटना की जानकारी मिली। पूछताछ करने पर उसकी पुत्री ने बताया कि 26 मई की सुबह जब उसके पिता घर से बाहर गए हुए थे, उसी दौरान आरोपी घर पहुंचा और उसके साथ गलत कार्य किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना रायगढ़ ने आरोपी कुश सिदार उर्फ छोटे पिता चैन सिंह (19 वर्ष) के विरुद्ध अपराध क्रमांक 50/2026 के तहत धारा 64(2)(k) बीएनएस में मामला दर्ज किया। अपराध पंजीबद्ध होने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और 28 मई को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे तथा महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं, युवतियों एवं कमजोर वर्गों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। साथ ही नागरिकों से अपील की कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाया जा सके।


