सारंगढ़। अभामा महिला सम्मेलन की छत्तीसगढ़ प्रांतीय अध्यक्ष उमा संजय छपारिया एवं प्रांतीय सचिव सीमा गुप्ता ने शाखा राहौद और शिवरीनारायण का आत्मीय दौरा किया। इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ना रहा।
राहौद में प्रांतीय पदाधिकारियों का भव्य स्वागत शाखा अध्यक्ष आशा अग्रवाल एवं सचिव बबीता सिंघानिया द्वारा किया गया। इस दौरान पारंपरिक व्यंजनों के साथ अतिथियों का सत्कार किया गया, जिसने पूरे आयोजन को और भी आत्मीय बना दिया।
वहीं शिवरीनारायण शाखा की अध्यक्ष एवं प्रांतीय संबंध समन्वय सह प्रमुख पिंकी नरनोलिया, सचिन, विनीत अग्रवाल और कोषाध्यक्ष राखी अग्रवाल ने अतिथियों को पावन शबरी माता मंदिर के दर्शन कराए। साथ ही गायत्री पीठ में भी दर्शन कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव साझा किया गया।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष उमा छपारिया ने “डिजिटल दक्ष” नामक नए कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में महिलाओं के लिए तकनीकी ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी महिलाओं से इस अभियान से जुड़कर डिजिटल रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया, ताकि वे समाज के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए सार्वजनिक एवं निजी स्थानों पर बेहतर शौचालय सुविधाओं की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पोषणयुक्त आहार अपनाने की सलाह दी गई।
आगामी मानसून को देखते हुए प्रांतीय सचिव सीमा गुप्ता ने जल संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए रेन वॉटर हार्वेस्टिंग अपनाने और इसके प्रति जागरूकता फैलाने की प्रेरणा दी।
अंत में प्रांतीय अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि “जब एक महिला सशक्त होती है, तो पूरा परिवार और समाज प्रगति करता है। डिजिटल दक्षता और पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं।”


- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
- “गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगा समाधान!” — सारंगढ़ में ‘सुशासन तिहार 2026’ का बड़ा ऐलान… - April 29, 2026
- पट्टा मिला… पर नक्शे में नाम गायब! किसान पहुंचे कलेक्टर दरबार, न्याय की लगाई गुहार… - April 29, 2026
