सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी किसानों से भारत सरकार की महत्वाकांक्षी एग्रीस्टेक (फार्मर रजिस्ट्री) योजना के तहत जल्द से जल्द पंजीयन कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक प्रत्येक किसान की एक विशिष्ट डिजिटल किसान आईडी है, जिसमें किसान की भूमि, फसल और अन्य कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी सुरक्षित रहती है। आने वाले समय में केंद्र एवं राज्य सरकार की अधिकांश कृषि योजनाओं का लाभ इसी डिजिटल किसान आईडी के माध्यम से दिया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में एग्रीस्टेक पंजीयन का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो किसान वर्तमान में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र नहीं हैं, लेकिन भूमिधारक हैं, उनके लिए भी एग्रीस्टेक पंजीयन कराना आवश्यक है। इससे भविष्य में मिलने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने विशेष रूप से संयुक्त खातेदार (जॉइंट खाते) वाले किसानों को सावधान करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष संयुक्त खाते के सभी भूमिधारक सदस्यों का एग्रीस्टेक पंजीयन अनिवार्य है। यदि संयुक्त खाते के किसी भी सदस्य का पंजीयन नहीं होगा, तो धान विक्रय के दौरान भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने किसानों से अपील की कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें। आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने ग्राम के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि विभाग, पटवारी, संबंधित सहकारी समिति या निकटतम लोक सेवा केंद्र (सीएससी) में जाकर शीघ्र एग्रीस्टेक पंजीयन कराएं।
उन्होंने कहा कि समय पर पंजीयन कराने से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य कृषि योजनाओं और धान उपार्जन का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सकेगा। साथ ही जिले में डिजिटल कृषि व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

- सारंगढ़:हेपेटाइटिस से बचाव का मंत्र: समय पर जांच और टीकाकरण… - July 31, 2026
- 31 जुलाई तक करें आवेदन, कृषक रत्न बनने का सुनहरा मौका… - July 31, 2026
- सारंगढ़:14 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, खुशी से खिले चेहरे… - July 31, 2026




