सारंगढ़ : शिक्षा के मंदिर का ‘सफाईकर्मी’ परोस रहा नशे का जहर..!महिलाओं ने कोतवाली थाना में की शिकायत ..
सारंगढ़ | नशा मुक्ति के दावों और नारों के बीच सारंगढ़ के ग्राम हिच्छा से कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। शिकायत में अनुसार यहाँ एक सरकारी स्कूल में पदस्थ स्वीपर (सफाई कर्मी) ने न केवल अवैध शराब की भट्टी धधका रखी है, बल्कि विरोध करने वाली महिलाओं को सरेआम गालियां देकर पुलिस के नाम की धौंस जमाई है। आरोपी का अहंकार इस कदर सिर चढ़कर बोल रहा है कि उसने पीड़ित महिलाओं को दो टूक कह दिया— “जाओ थाने, मेरा पुलिस वाले भी कुछ नहीं कर सकते।”
स्कूल का कर्मचारी बना सरगना-
मामला ग्राम पंचायत हिच्छा का है, जहाँ माध्यमिक स्कूल में स्वीपर के पद पर कार्यरत सम्पत लाल चौहान पर अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि सम्पत अपनी सरकारी नौकरी की आड़ में लंबे समय से खेतों में शराब की भट्टी चला रहा है। जब गाँव की जागरूक महिलाओं ने ‘नशा मुक्ति अभियान’ के तहत उसे समझाने की कोशिश की, तो आरोपी अपनी मर्यादा भूल गया।
महिलाओं को थाने जाने की चुनौती-
शिकायत पत्र के मुताबिक, महिला समूह ने जब सम्पत को शराब का धंधा बंद करने को कहा, तो उसने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्हें गंदी-गंदी गालियां दीं और मारपीट की धमकी देते हुए पुलिस प्रशासन की साख पर भी सवाल खड़ा कर दिया। आरोपी ने खुलेआम चुनौती दी कि वह पुलिस से नहीं डरता और कोई उसका बाल भी बांका नहीं कर सकता।
कोतवाली में शिकायत-
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि ग्रामीणों ने आरोपी के कब्जे से शराब बनाने के बड़े-बड़े बर्तन, ड्रम, प्लास्टिक की केन और कच्चा माल (लाहन) बरामद किया है। इस घटना से आक्रोशित महिला समूह और पंचायत के पंचों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत पत्र पर पद्मा पटेल, लक्ष्मी, जेमाबाई सहित कई महिलाओं के हस्ताक्षर हैं, जो न्याय की गुहार लगा रही हैं।
क्या खाकी अपनी साख बचा पाएगी?
शिकायत के अनुसार आरोपी सम्पत लाल का यह बयान कि “मेरा थाना वाले भी कुछ नहीं कर सकते”, सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन के इकबाल को चुनौती है। अब देखना यह है कि सिटी कोतवाली पुलिस इस दबंग शराब तस्कर पर शिकंजा कसती है या फिर आरोपी का वह घमंड सच साबित होता है, जिसने कानून को अपनी जेब में होने का दावा किया है।
ग्रामीणों की मांग-
आरोपी सम्पत लाल चौहान को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
शिक्षा विभाग द्वारा ऐसे दागी कर्मचारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो।
गाँव को पूर्णतः नशामुक्त घोषित कर अवैध भट्टियों को नष्ट किया जाए।

- तिलक पर कथित टिप्पणी से स्कूल में विवाद, परिजनों ने जांच की मांग.. - March 14, 2026
- गौधाम योजना की शुरुआत, सालर-सहसपानी गौधाम का वर्चुअल शुभारंभ… - March 14, 2026
- कलेक्टर का औचक निरीक्षण, अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश… - March 14, 2026
