सारंगढ़। जिले के स्वास्थ्य संस्थानों को बेहतर और राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। राष्ट्रीय गुणवत्ता एश्योरेंस मानक (NQAS) के तहत स्वास्थ्य केंद्रों में दी जा रही सेवाओं और सुविधाओं का राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन किया जाना है। कलेक्टर डॉ. संजय कुमार कन्नौजे के जिले में पदभार ग्रहण करते ही स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उन्नत करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एफ. आर. निराला के मार्गदर्शन में पिछले कई महीनों से जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को NQAS के अनुरूप प्रशिक्षण देकर तैयार किया जा रहा है। वहीं जिला सलाहकार कृष्णपुरी गोस्वामी की निगरानी में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में NQAS के मानकों के अनुसार उन्नयन का कार्य निरंतर जारी है।
इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेड़वन में आवश्यक तैयारियां पूर्ण होने के बाद NQAS मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया है। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा नामित राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ता डॉ. अजय सिंह एवं डॉ. अंजु गोपे प्रधान 16 और 17 मार्च को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेड़वन का दौरा कर विस्तृत मूल्यांकन करेंगे।
मूल्यांकन के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम और सामान्य प्रशासन जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं का गहन निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित रजिस्टरों और रिकॉर्ड की जांच की जाएगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को परखने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों और भर्ती मरीजों से बातचीत भी की जाएगी।
टीम द्वारा हर्बल गार्डन, बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट (BMW), फायर सेफ्टी, स्टोर रूम, जननी सुरक्षा योजना, मरीज परिवहन व्यवस्था, पोषण आहार, पेयजल स्रोत, आईपीडी में भर्ती मरीजों के लिए बेड व बेडशीट की स्वच्छता और विभिन्न दिनों के लिए अलग-अलग रंगों की बेडशीट व्यवस्था का भी बारीकी से अवलोकन किया जाएगा।
इसके अलावा प्रयोगशाला में होने वाली विभिन्न जांच-परीक्षण और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत टीबी, कुष्ठ, नेत्र, मलेरिया, फाइलेरिया, एनसीडी, दंत तथा कान-नाक-गला से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी और रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी।
मूल्यांकन के उपरांत टीम अपनी गोपनीय रिपोर्ट भारत सरकार को प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर स्वास्थ्य केंद्र की गुणवत्ता का राष्ट्रीय स्तर पर आकलन किया जाएगा।

- सारंगढ़ जिला अस्पताल की बड़ी उपलब्धि, 15 दिन में बना स्वास्थ्य सेवाओं का नया रिकॉर्ड… - June 19, 2026
- सारंगढ़ दौरे पर आएंगे प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, प्राकृतिक खेती, समीक्षा बैठक और योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल… - June 19, 2026
- उत्कर्ष योजना: 20 जून तक करें आवेदन, 5 जुलाई को होगी प्रवेश परीक्षा… - June 19, 2026

