सारंगढ़। जिले के ग्राम पंचायत दहिदा के आश्रित गांव नावापारा में गुरुवार 13 मार्च 2026 को भीषण आगजनी की घटना सामने आई। गांव निवासी छायालाल माली, पिता टेंगनू माली के घर में सुबह लगभग 11 बजे अचानक आग लग गई, जिससे घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
बताया जा रहा है कि जिस समय घर में आग लगी, उस समय परिवार के सभी सदस्य किसी कार्य से दूसरे गांव गए हुए थे। घर में केवल उनका बेटा था, जो उस समय खेत गया हुआ था। इसी बीच घर से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर तथा अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग की शुरुआत घर के किस हिस्से से हुई, इसकी जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना संबंधित विभागों को दे दी गई है, ताकि पीड़ित परिवार को शासन की ओर से आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद करने की मांग की है।

- सारंगढ़:हेपेटाइटिस से बचाव का मंत्र: समय पर जांच और टीकाकरण… - July 31, 2026
- 31 जुलाई तक करें आवेदन, कृषक रत्न बनने का सुनहरा मौका… - July 31, 2026
- सारंगढ़:14 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, खुशी से खिले चेहरे… - July 31, 2026




