सारंगढ़। शहर से लगभग 6 किमी दूर कटेली रोड स्थित केजरी राइस मिल में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में मिल परिसर में रखा हजारों क्विंटल धान आ गया है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में धान के बड़े-बड़े ढेर धधकने लगे और पूरे परिसर में धुएं का घना गुबार फैल गया।

दूर-दूर तक दिखीं आग की लपटें, राहगीरों में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कटेली रोड से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मिल के भीतर बड़ी मात्रा में धान का भंडारण किया गया था और वहां मौजूद सूखे भूसे व छिलकों ने आग को और भी भड़काने का काम किया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें दूर से ही साफ दिखाई देने लगीं।
दमकल की टीम मौके पर, आग बुझाने में हो रही मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई। हालांकि धान और भूसे की अधिक मात्रा होने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई हो रही है। दमकल की सीमित संख्या के चलते आग पर पूरी तरह काबू पाने में समय लग रहा है और दमकल कर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं।
हजारों क्विंटल धान जलने की आशंका
बताया जा रहा है कि स्वर्गीय पवन केजरीवाल की इस राइस मिल में भारी मात्रा में धान का स्टॉक रखा हुआ था। आग लगने से हजारों क्विंटल धान के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि मिल के आसपास खेतों में पराली जलाए जाने के कारण चिंगारी उड़कर मिल परिसर तक पहुंची हो सकती है। हालांकि प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बचाव कार्य में जुटे प्रशासन व राइस मिल एसोसिएशन
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, मिल के कर्मचारी और जिला राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। सभी लोग मिलकर आग पर काबू पाने और नुकसान को कम करने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
- “गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगा समाधान!” — सारंगढ़ में ‘सुशासन तिहार 2026’ का बड़ा ऐलान… - April 29, 2026
- पट्टा मिला… पर नक्शे में नाम गायब! किसान पहुंचे कलेक्टर दरबार, न्याय की लगाई गुहार… - April 29, 2026
