गंगाजल’ की कसमें खाने वाली भाजपा अब ‘मदिरा जल’ में डूबी- अरुण मालाकार…साय सरकार ने होली को बनाया ‘हॉली-डे’ के बजाय ‘शराब-डे’!
सारंगढ़। राजनीति के रंग भी अजीब होते हैं! जो भाजपा कल तक शराबबंदी के लिए सड़कों पर ‘छाती पीट’ रही थी, आज वही सत्ता के गलियारों में बैठकर ‘मधुशाला’ के द्वार खोलने का न्योता दे रही है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार ने साय सरकार के उस ‘शर्मनाक’ फैसले की धज्जियां उड़ाई हैं, जिसमें होली और मुहर्रम जैसे संवेदनशील त्योहारों पर शराब दुकानों को खुला रखने का ‘पाप’ किया गया है।
“सत्ता की भूख ने बापू और परंपरा दोनों को निगला” –
अरुण मालाकार ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि जिस सरकार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब की नदियां बहने दीं, उससे संस्कारों की उम्मीद करना ‘अंधे के आगे रोने’ जैसा है। उन्होंने कहा, “बापू के नशामुक्ति के आदर्शों की बलि देने वाली भाजपा अब होली के पवित्र रंगों को खून-खराबे और दंगों में बदलने का इंतजाम कर रही है।”
भाजपा का ‘बहरूपिया’ चेहरा उजागर-
मालाकार ने पुरानी यादें कुरेदते हुए पूछा कि कहाँ गई वो भाजपा की ‘झांसी की रानियां’ (महिला मोर्चा), जो चुनाव से पहले शराब दुकानों के सामने धरने पर बैठती थीं? क्या सत्ता की मलाई मिलते ही उनका गला सूख गया है? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष में रहते हुए ‘शराबबंदी’ का जो नाटक भाजपा ने रचा था, उसका पर्दा अब गिर चुका है और असली ‘शराबी प्रेमी’ चेहरा सबके सामने है।
हुड़दंग और अपराध को सरकारी ‘न्योता’
अरुण मालाकार ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि होली पर शराब की बिक्री का मतलब है—सड़कों पर तांडव, घरों में कलेश और अस्पतालों में भीड़। साय सरकार अपनी तिजोरी भरने के लिए छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था और माताओं-बहनों की सुरक्षा को दांव पर लगा रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा का ‘राम-राज्य’ यही है जहाँ त्योहारों पर शांति के बजाय ‘बोतलों का शोर’ सुनाई दे?
जनता की अदालत में होगा फैसला
अंत में मालाकार ने कहा कि भाजपा का यह ‘शराब प्रेम’ प्रदेश को बर्बादी की ओर ले जा रहा है। जनता देख रही है कि कैसे वादों की चादर ओढ़कर सत्ता में आई सरकार अब नशा परोसने वाली ‘एजेंट’ बन गई है।
- सालसर और मां बंजारी के साम्राज्य पर तालाबंदी,गिरी गाज..’बाकी’ सफेदपोशों पर कब चलेगा हथौड़ा? - April 15, 2026
- रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया से मिला वैष्णव समाज…’श्री विष्णु महायज्ञ’ एवं ‘बटुक संस्कार’ के लिए दिया आमंत्रण.. - April 15, 2026
- पेट की जलन और लू से देगी राहत, झटपट बनाएं बेल का ठंडा शरबत… - April 15, 2026
