सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी पीएससी) द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 रविवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उनके निरीक्षण से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने में मदद मिली।

जिले में सारंगढ़ शहर के तीन संस्थानों शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय, सीपीएम महाविद्यालय तथा पीएमश्री सेजेस स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इन केंद्रों में कुल 1440 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 1201 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि द्वितीय पाली में 1187 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार लगभग 239 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों में आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया गया। प्रवेश जांच, सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्र की गोपनीयता तथा परीक्षा कक्षों में अनुशासन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। केंद्रों में शांतिपूर्ण माहौल देखने को मिला और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में परीक्षा केंद्र बनाए जाने से स्थानीय युवाओं सहित आसपास के जिलों के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। पहले दूरस्थ जिला मुख्यालयों में परीक्षा देने जाने की बाध्यता के कारण समय और खर्च अधिक लगता था, जबकि अब उन्हें अपने ही जिले में परीक्षा देने की सुविधा मिल रही है।
जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से निःशुल्क कोचिंग भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिल रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं में उनकी भागीदारी बढ़ रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार भविष्य में भी जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक युवा अवसरों का लाभ उठा सकें।
- चातुरी नंद को बड़ी जिम्मेदारी, चौहान समाज में खुशी की लहर… - September 13, 2026
- सेवा संकल्प अभियान की तैयारी तेज, 17 सितंबर से जिलेभर में होंगे जनभागीदारी के आयोजन… - September 13, 2026
- एमपी की ‘सख्ती’ का दिखा दम! एसपी सुनील शर्मा के नेतृत्व में गांजा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 40 किलो गांजा समेत ₹28.60 लाख की संपत्ति जब्त… - September 13, 2026
