छत्तीसगढ़:फर्जी CID अधिकारी बनकर धौंस जमाने वाला गिरफ्तार : स्कॉर्पियो पर लगा रखा था ‘NATIONAL CRIME CONTROL’ का बोर्ड…
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी के बीच धमतरी पुलिस ने फर्जी पहचान के सहारे खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर रौब झाड़ने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।
आरोपी अपनी स्कॉर्पियो में ‘NATIONAL CRIME CONTROL ORG.’ का लोगो और ‘VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA’ लिखी प्लेट लगाकर घूम रहा था और खुद को सीआईडी अधिकारी बताकर आमजन को प्रभावित कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रही सतत निगरानी के तहत 21 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि, आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक व्यक्ति वाहन में संदिग्ध बोर्ड लगाकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विधिवत गवाहों की उपस्थिति में जांच की। आरोपी कांकेर का है निवासी
जांच के दौरान वाहन के डैशबोर्ड पर संबंधित संगठन का लोगो और पदनाम प्रदर्शित बोर्ड मिला। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी 28 वर्ष निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर बताया। उसके पास से ‘CRIME INVESTIGATION DEPARTMENT’ और ‘CRIME INVESTIGATION DETECTIVE’ अंकित दो आईडी कार्ड बरामद हुए, जिनमें स्वयं को ‘National Officer’ दर्शाया गया था।
टोल टैक्स से बचने के लिए करता था इस्तेमाल
विधिवत नोटिस दिए जाने पर आरोपी कोई वैध नियुक्ति पत्र, प्रशिक्षण प्रमाणपत्र या अधिकृत आदेश प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि, सितंबर 2025 में कथित व्यक्तियों के माध्यम से फर्जी आईडी कार्ड बनवाए और ऑनलाइन भुगतान कर उनकी वैलिडिटी बढ़ाता रहा। वह इन कार्डों और बोर्ड का उपयोग टोल टैक्स से बचने और विभिन्न स्थानों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था।
पुलिस ने जब्त किया ये सामान
गौरतलब है कि, पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 फर्जी आईडी कार्ड, 01 ‘NATIONAL CRIME CONTROL ORG.’ लिखा बोर्ड, 01 महिंद्रा स्कॉर्पियो (CG 05 AU 6136), 01 iPhone 11 Pro (जियो सिम सहित) और 01 सैमसंग M12 (जियो एवं बीएसएनएल सिम सहित) जब्त किया है।
21 फरवरी को आरोपी गिरफ्तार
आपको बता दें कि, आरोपी द्वारा फर्जी पहचान बनाकर स्वयं को सरकारी/जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर आमजन को भ्रमित करने और अवैध लाभ लेने का प्रयास पाया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 21 फरवरी को रात 10 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध का बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ऐसे मामलों की आशंका होने पर पुलिस को दें सूचना
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, यदि कोई व्यक्ति स्वयं को शासकीय अधिकारी बताकर धौंस दिखाए या संदिग्ध गतिविधि करे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
- कड़ी निगरानी में संपन्न हुई सीजी पीएससी प्री-2025 परीक्षा..कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने किया औचक निरीक्षण..1440 में से 239 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित.. - February 22, 2026
- सारंगढ़-बिलाईगढ़ की ‘वोटर कुंडली’ तैयार..5.36 लाख मतदाता तय करेंगे भविष्य, 15 हजार से ज्यादा के नाम कटे! - February 22, 2026
- मुख्यमंत्री साय के जन्म दिन पर कोशलेश्वरी मंदिर में संगीत मय सुंदरकांड संपन्न…जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष वैजयंती लहरें हुई शामिल… - February 22, 2026
