रायगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अवैध गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग चार मामलों में अवैध शराब, गांजा, वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे कुल 67,880 रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।
एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस की लगातार सक्रियता से अवैध कारोबारियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है। पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाकर छह व्यक्तियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी पर सख्ती
एसएसपी के निर्देश पर सिटी कोतवाली और चक्रधरनगर थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते छह आरोपियों — रोहित साहू, रजनीश पटेल, सूरज यादव, भोजराम सिदार, परसराम श्रीवास और सुरज श्रीवास — को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
तमनार पुलिस की कार्रवाई — स्कूटी से शराब परिवहन पकड़ा
थाना तमनार पुलिस ने मुखबिर सूचना पर सलिहाभांठा मेन रोड में स्कूटी से अवैध शराब परिवहन करते आरोपी दिगम्बर प्रसाद जायसवाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 34 पाव देशी शराब और बिना नंबर की स्कूटी सहित कुल 23,480 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
जूटमिल पुलिस की कार्रवाई — मोटरसाइकिल से शराब जब्त
थाना जूटमिल पुलिस ने कोडातराई तिराहा के पास आरोपी अमित कुर्रे को मोटरसाइकिल से 30 पाव देशी शराब परिवहन करते पकड़ा। पुलिस ने शराब और वाहन सहित 12,400 रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया
कोतरारोड़ पुलिस की रेड — 22 लीटर महुआ शराब बरामद
थाना कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम चिराईपानी में आरोपी गोपाल धनुवार के घर दबिश देकर 22 लीटर महुआ शराब जब्त की। आरोपी द्वारा बिक्री के उद्देश्य से शराब रखना स्वीकार करने पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई — 2 आरोपी गिरफ्तार
थाना तमनार पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट में छिपाकर गांजा परिवहन करते दो आरोपियों मनोज कुमार प्रधान और संजय कुमार देहरी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 1.150 किलोग्राम गांजा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल सहित कुल 34,200 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि
“ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”
नेतृत्व की हो रही सराहना
जिले में लगातार हो रही सख्त पुलिस कार्रवाई को लेकर आम जनता, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों द्वारा एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व की सराहना की जा रही है। पुलिस की सक्रियता से अपराधियों में भय और आम लोगों में विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है।
- सारंगढ़:बारिश बनी आफत, उफनते लात नाला में पूरी रात पेड़ के सहारे फंसे रहे बुजुर्ग, सुबह रेस्क्यू टीम ने बचाई जान… - July 27, 2026
- सारंगढ़:उफनते लातनाला ने निगली कार, कलेक्टर-एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा… - July 27, 2026
- शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई… - July 27, 2026




