सारंगढ़ मे गुरु-शिष्य परंपरा की अनूठी मिसाल..लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय में 34 साल बाद जुटे 1992 बैच के विद्यार्थी..यादों के झरोखे से निकला भावनात्मक मिलन; गुरुजनों का शॉल और श्रीफल से हुआ भव्य सम्मान..
सारंगढ़। समय का पहिया थमता नहीं, लेकिन यादें कभी धुंधली नहीं होतीं। इसी का जीवंत उदाहरण स्थानीय लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय में देखने को मिला, जहाँ वर्ष 1992 के बी.ए. उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं ने दशकों बाद एकत्रित होकर अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। वर्षों बाद हुए इस पुनर्मिलन ने पूरे महाविद्यालय परिसर को भावनात्मक और गौरवमयी वातावरण से सराबोर कर दिया।
स्वागत गीतों से गुंजायमान हुआ परिसर-
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की वर्तमान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत से हुआ, जिसने उपस्थित अतिथियों और पूर्व छात्रों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर वर्तमान प्राचार्य पटेल जी ने सभी सेवानिवृत्त और वरिष्ठ प्राध्यापकों का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।
स्मृतियों के मंच पर साझा हुए अनुभव-
1992 बैच के छात्र-छात्राओं ने मंच पर आकर अपना परिचय दिया और महाविद्यालय के दिनों की खट्टी-मीठी यादों को साझा किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित प्राध्यापक भरत अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में शिष्यों को जीवन में अनुशासन और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने की सीख दी। वहीं, प्राध्यापक व पूर्व प्राचार्य एस.के. यादव एवं ठाकुर साहब ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गुरुजनों का हुआ भावपूर्ण सत्कार-
कृतज्ञता की इस कड़ी में 1992 बैच के विद्यार्थियों ने अपने आदर्श शिक्षकों—भरत अग्रवाल जी, एस.के. यादव जी, ठाकुर साहब एवं देवांगन जी का श्रीफल, शॉल और मेमेंटो भेंटकर चरण वंदन करते हुए सम्मान किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति-
इस ऐतिहासिक मिलन समारोह में रेवा शंकर पटेल, गोपेश मिश्रा, गजेंद्र चौहान, हरीश केसरवानी, धीरज यादव, रमेश गुप्ता, सपन केसरवानी, हसन खान, नवनीत चंदेल, रामकुमार सिंह, दिलीप सिदार, मधु मैत्री, जयश्री सहायते, नीति मिश्रा, जयश्री केसरवानी, जानकी यादव सहित बैच के अन्य साथी उपस्थित रहे।
- सारंगढ़ गोपाल जी मंदिर बड़े मठ में उमड़ा आस्था का सैलाब..महारुद्राभिषेक में 108 जजमानों की रही उपस्थिति.. - February 15, 2026
- अचानकपाली स्कूल में प्रियंका गोस्वामी का नवाचार… - February 15, 2026
- जल अर्पण दिवस में सहसपानी गांव को पानी टंकी संचालन की दी जिम्मेदारी…जल जीवन मिशन से गांव के घर घर में नल से मिल रहा पानी… - February 15, 2026
