भटगांव में ‘महिला जागृति शिविर’ का भव्य आयोजन..CMHO डॉ. निराला ने महिलाओं को दिया सेहत का मंत्र..गोदभराई और अन्नप्राशन से गूँजा वार्ड नंबर 5..
भटगांव। नगर के वार्ड नंबर 5 में महिलाओं को स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक वृहद ‘महिला जागृति शिविर’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एफ.आर. निराला और विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रदीप देवांगन उपस्थित रहे। शिविर में नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
संस्कारों का संगम, गोदभराई और अन्नप्राशन-
महिला बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने माताओं को पोषण आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
”एक महिला जागृत होती है, तो पूरा समाज जागता है”-
अपने मुख्य उद्बोधन में डॉ. एफ.आर. निराला ने प्रेरक विचार साझा करते हुए कहा, “महिला का जागरूक होना केवल परिवार के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज के उत्थान के लिए आवश्यक है। सशक्त महिला वही है जिसका शरीर स्वस्थ हो, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं को अपनी सेहत को प्राथमिकता देनी चाहिए।
असंक्रामक रोगों (NCD) के प्रति किया सचेत-
डॉ. निराला ने आधुनिक जीवनशैली के खतरों पर प्रकाश डालते हुए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सलाह दी:
नियमित जांच: 30 वर्ष से अधिक उम्र की प्रत्येक महिला को बीपी, शुगर और कैंसर की जांच अनिवार्य रूप से करानी चाहिए।
बढ़ते स्ट्रेस और खराब खान-पान के कारण बीपी-शुगर की बीमारी बढ़ रही है। इससे बचने के लिए नमक और चीनी का सेवन कम करें।
पर्याप्त नींद लेना, पैदल चलना, योग और मेडिटेशन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
बीड़ी, तंबाकू, गुड़ाखू और गुटखा जैसे पदार्थों का सेवन न केवल शरीर को नुकसान पहुँचाता है, बल्कि यह स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का मुख्य कारण बनता है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जांच की अपील-
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से अपील की गई कि वे अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जाकर स्वास्थ्य जांच कराएं। इस अवसर पर सीडीपीओ विजय सरल, स्वास्थ्य कार्यकर्ता चंद्रकला जायसवाल सहित नगर के गणमान्य नागरिक और मितानिन बहनें बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
नगर उपाध्यक्ष प्रदीप देवांगन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ही शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति की महिला तक पहुँच पा रहा है।
- सारंगढ़ गोपाल जी मंदिर बड़े मठ में उमड़ा आस्था का सैलाब..महारुद्राभिषेक में 108 जजमानों की रही उपस्थिति.. - February 15, 2026
- अचानकपाली स्कूल में प्रियंका गोस्वामी का नवाचार… - February 15, 2026
- जल अर्पण दिवस में सहसपानी गांव को पानी टंकी संचालन की दी जिम्मेदारी…जल जीवन मिशन से गांव के घर घर में नल से मिल रहा पानी… - February 15, 2026
