केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर भाजपा कार्यालय में जश्न, विकास और सुरक्षा पर सरकार का फोकस..
सारंगढ़।
आज सारंगढ़ जिला भाजपा कार्यालय में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। बजट पेश होते ही कार्यकर्ताओं ने “भाजपा पार्टी जिंदाबाद” और “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए बजट की सराहना की।
85 मिनट का बजट भाषण, स्थिरता और निरंतरता पर जोर-
वित्त मंत्री ने संसद में 85 मिनट का बजट भाषण दिया। बजट में जहां टैक्स फाइलिंग को सरल बनाने, रेलवे प्रोजेक्ट और आयुर्वेदिक AIIMS जैसी घोषणाएं की गईं, वहीं आम आदमी के लिए कोई बड़ा प्रत्यक्ष ऐलान नहीं किया गया। बजट भाषण में कोई सीधा चुनावी वादा भी शामिल नहीं रहा।
रक्षा बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी-
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पेश किए गए पहले बजट में जियो-पॉलिटिक्स और सुरक्षा चुनौतियों का उल्लेख करते हुए सरकार ने रक्षा बजट ₹6.81 लाख करोड़ से बढ़ाकर ₹7.85 लाख करोड़ कर दिया, जो 15.2 प्रतिशत की वृद्धि है।
हथियार खरीदी और आधुनिकीकरण के लिए ₹2.19 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया, जो पूंजीगत खर्च में 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
बजट की 8 बड़ी घोषणाएं-
1-इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं, रिवाइज्ड रिटर्न फाइल करने की समय-सीमा बढ़ाकर 31 मार्च।
2-कैंसर की 17 दवाओं और 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाएं ड्यूटी फ्री।
3- 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर – मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलिगुड़ी।
4- 3 आयुर्वेदिक AIIMS और 5 मेडिकल हब की घोषणा।
5- टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास के लिए ₹12.2 लाख करोड़।
6- 15 हजार सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब्स।
7-करीब 800 जिलों में बालिकाओं के लिए हॉस्टल।
छत्तीसगढ़ में माइनिंग कॉरिडोर का ऐलान-
केंद्रीय बजट 2026 में छत्तीसगढ़, ओडिशा और केरल में माइनिंग कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की गई। सरकार के अनुसार इससे खनिज आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
2047 तक विकसित भारत की दिशा में बजट – ओपी चौधरी
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट को 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अहम बताया।
अंबिकापुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बजट का लाइव प्रसारण देखने के बाद उन्होंने कहा कि यह बजट गरीबी निवारण और सर्वांगीण विकास को समर्पित है।
उन्होंने रेलवे, माइनिंग, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर निवेश को मोदी सरकार की विकास प्रतिबद्धता बताया।
गुरु रविदास जयंती और पूर्व विधायक रोशन लाल अग्रवाल की पुण्यतिथि-
इस अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय में रायगढ़ के पूर्व विधायक स्व. रोशन लाल अग्रवाल की पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती पर उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में मार्गदर्शक हैं।
भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित-
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, सुभाष जालान, प्रदेश प्रवक्ता वेदराम जांगड़े, भुवन मिश्रा, जगन्नाथ केशरवानी, निखिल बानी, हरिनाथ खूंटे,केराबाई मनहर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वैजयंती लहरे, शिवकुमारी साहू, भरत जाटवर, मीडिया प्रभारी रवि तिवारी, जय बानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

- “ईद की मिठास में घुला भाईचारा” : अब्बास अली कैजार अली परिवार ने दिया सामाजिक एकता का अनोखा संदेश… - March 21, 2026
- “हर बूंद में जीवन” : नौरंगपुर में जल उत्सव पखवाड़ा का भव्य आयोजन, जल संरक्षण का दिया गया संदेश… - March 21, 2026
- अमोंदा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर उठे सवाल..झोलाछापों औऱ बिना क्लिनिकल रजिस्ट्रेशन के क्लीनिक संचालन का आरोप..प्रशासनिक सतर्कता की दरकार, ग्रामीणों ने जताई चिंता.. - March 21, 2026
